कहलगांव में पुलिस पर पथराव, दो महिला पुलिस कर्मी समेत चार जख्मी
भागलपुर में पुलिस पर पथराव हो गया। दो गुटों में हिंसक झड़प हो रहा था। पथराव के कारण पुलिस को ही पीछे हटना पड़ा। वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
भागलपुर, जेएनएन। एनटीपीसी थाना क्षेत्र के हड़वाटोली में दो पक्षों के बीच रात मारपीट हो गई। दोनों तरफ से खूब लाठी-डंडे चले। झड़प की सूचना मिलते ही एनटीपीसी थाना की पुलिस दल-बल के साथ पहुंची। पुलिस को देख एक पक्ष के लोग भड़क गए और जवानों पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव के कारण पुलिस को पीछे हटाना पड़ा। वहां से भागकर पुलिस ने अपनी जान बचाई। पथराव में चार जवान जख्मी हो गए।
वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। पथराव में एएसआइ कैलाश यादव, महिला पुलिस रिंकी कुमारी, प्रीति कुमारी एवं विकेश कुमार पासवान घायल हुए हैं। चारों का उपचार कहलगांव अनुमंडल अस्पताल में कराया गया है। पथराव के बाद दोनों पक्षों का झड़प तत्काल शांत हो गया है। रात्रि होने की वजह से पुलिस लौटकर दोबारा गांव में नहीं गई। पथराव करने वालों को पुलिस चिह्नित कर रही है। मामले की छानबीन के लिए शुक्रवार को पुलिस गांव पहुंचेगी।
एनटीपीसी थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी राजू रविदास एवं सिकंदर रविदास घर से मोबाइल खरीदने गुरुवार की शाम में भदेर जा रहा था। रास्ते मे हड़वाटोली के शेख बॉलर एवं मीर कारु ने दोनों को रोक कर गाली देते हुए बुलाया। राज और सिकंदर ने इसका विरोध किया। दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोप और गाली-गलौज शुरू हो गए।
इसके बाद शेख बॉलर एवं मीर कारु के स्वजन भी वहां पहुंच गए। सभी ने मिलकर राजू और सिकंदर की पिटाई शुरू कर दी। उसी समय थाना की गस्ती वाहन उस मार्ग से गुजर रहा था। पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। गश्तीदल के वापसी पर शेख बॉलर एवं मीर कारु के परिजन और समर्थकों ने एक जुट होकर पुलिस पर पथराव करने लगे। कुछ पुलिसकर्मी को पिटाई भी कर दी। पुलिस ने भागकर अपनी जान बचाई। इस घटना में एक आइएस सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। इस घटना में राजू और सिकंदर भी जख्मी हो गए हैं।
घटना के बाद गांव में भय का माहौल छा गया था। एक माह पहले भी इन लोगों ने पुलिस पर पथराव किया था।