मधेपुरा में खोदाई के दौरान मिली भगवान विष्णु की मूर्ति
आलमनगर की कुंजौरी पंचायत के गनोल गांव में शनिवार को भगवान विष्णु की प्राचीन मूर्ति मिली है।
मधेपुरा। सड़क निर्माण कार्य को लेकर मिट्टी खोदाई के दौरान आलमनगर की कुंजौरी पंचायत के गनोल गांव में शनिवार को भगवान विष्णु की प्राचीन मूर्ति मिली है। मूर्ति मिलने की जानकारी मिलते ही मौके पर सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए।
स्थानीय लोगों ने भगवान विष्णु की प्रतिमा को गंगाजल से धोकर उसकी पूजा शुरू कर दी है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मूर्ति काले पत्थर की है। यह प्राचीन लग रही है। दो फीट ऊंची इस मूर्ति का वजन लगभग 41 किलोग्राम है। ग्रामीणों ने बताया कि गनोल गांव में ही सड़क निर्माण के दौरान मिट्टी खोदाई का काम हो रहा था। लगभग 10 फीट मिट्टी की खोदाई करने के बाद यह मूर्ति मिली। तत्काल प्रतिमा को गनोल के बजरंगबली मंदिर में सुरक्षित रखा गया है।
----
सड़क निर्माण को लेकर मिट्टी खोदाई के दौरान भगवान विष्णु की प्रतिमा मिली है। भगवान विष्णु की काले पत्थर की यह मूर्ति काफी प्राचीन मालूम पड़ रही है। जल्द ही विधि-विधान के साथ मूर्ति की स्थापना की जाएगी।
- राजाराम शर्मा
मुखिया प्रतिनिधि, गनोल, आलमनगर