राज्यस्तरीय विद्यालय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का पूर्णिया में हुआ आगाज
खेल मंत्री ने बालिका कबड्डी प्रतियोगिता उद्घाटन किया।
पूर्णिया : राज्यस्तरीय विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता का पूर्णिया के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आगाज हुआ। बिहार सरकार में कला संस्कृति एवं खेल मंत्री ने बालिका कबड्डी प्रतियोगिता उद्घाटन किया। अंडर 14,16,19 तीन वर्गों में खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें राज्य के सभी जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में 1200 खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। पहले दिन शुक्रवार की देर शाम उद्घाटन होने के कारण महज तीन मुकाबला ही हो पाया। मार्च पास्ट में सभी टीमों ने हिस्सा लिया। पहले चक्र के मुकाबले में अंडर 14 में भोजपुर ने लखीसराय की टीम को हराया। अंडर 17 वर्ग में मधेपुरा ने अरवल को हराया और अंडर 19 में बेगूसराय ने शिवहर की टीम को परास्त किया। शनिवार को चालीस मैच का आयोजन किया जाएगा। रविवार को प्रतियोगिता का समापन होगा। इस मौके मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि ने कहा कि खेल के प्रोत्साहन को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है। इस मौके पर जिला पदाधिकारी प्रदीप कुमार झा ने कहा जिला पहले भी राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता का बेहतर आयोजन करता रहा है। इस बार पूर्णिया सभी अतिथि खिलाड़ियों और खेल से जुड़े लोगों की बेहतर मेजबानी करेगा। 24 घंटा खेल विभाग और जिला प्रशासन के साथ खेल प्रेमी खिलाड़ियों अतिथियों का ध्यान रखेगा। खेल का सफल और बेहतर आयोजन हो इसके लिए सभी संकल्पित हैं।