नाथनगर और जगदीशपुर के गांवों की समस्या को जाना, जानिए... क्या कहा Bhagalpur News
नगर विकास विभाग की स्टेट आइसी हेड रानी चौबे ने भागलपुर जिले के कई गांवों का दौरा कर लोगों से बातचीत की। उन्होंने उनकी समस्याओं को सुना।
भागलपुर, जेएनएन। रैन बसेरा की जानकारी लोगों को नहीं है। यही कारण है कि तातारपुर नगर निगम गोदाम में 50 बेड के रैन बसेरा में मात्र 30 लोग रात गुजार रहे हैं। यही स्थिति शहर के अन्य रैन बसेरों की है। ये बातें नगर विकास विभाग की स्टेट आइसी हेड रानी चौबे ने कही।
उन्होंने तातारपुर स्थित नगर निगम के गोदाम में बने रैन बसेरा का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि रैन बसेरा की स्थिति काफी अच्छी है। यहां रात में करीब 30 लोग सोने आते हैं, जबकि बेड 50 है। महिलाओं के लिए अलग कमरे हैं। रैन बसेरा में शुद्ध पेयजल के अलावा टीवी भी है। साथ ही सीसीटीवी भी लगाया गया है। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में असहाय लोग रैन बसेरा नहीं आते हैं। इसके लिए प्रचार करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि शहर की अन्य रैन बसेरों की स्थिति भी पहले से बेहतर है। उन्होंने जैन मंदिर रोड में प्रस्तावित नाले के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मंदिर मार्ग को जल्द दुरुस्त कराने का आश्वासन भी दिया। इसके उपरांत जगदीशपुर के कोलाखुर्द गांव गईं। वहां पर गांव के लोगों से मिली। ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक अपनी समस्याएं बताई। आइसी हेड ने पीएचईडी विभाग से बात कर समस्या के निदान का आश्वासन दिया।
इसके उपरांत नाथनगर, गनौर बादरपुर इलाके में वहां की समस्याओं को देखा। महिलाओं ने बड़ी संख्या में मिलकर अपने रोजगार और अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या को विभाग तक पहुंचा दिया जाएगा और यह प्रयास होगा कि जल्दी ही समस्या का निदान हो जाए।