यूपी निवासी एसएसबी जवान ने खुद को मारी गोली
बिहार के किशनगंज में ड्यूटी पर तैनाज एसएसबी 19वीं बटालियन के जवान ने खुद को गोली मार आत्महत्या का प्रयास किया। सिलीगुड़ी में उसका इलाज चल रहा है।
किशनगंज [जेएनएन]। बिहार के किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड के अंतर्गत कुर्लीकोट बीओपी में ड्यूटी पर तैनात एसएसबी 19वीं बटालियन के जवान राजकुमार यादव (29) ने शुक्रवार रात को सिर में गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। सिलीगुड़ी के नियोटिया नर्सिंग होम में उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। राजकुमार यादव उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के निवासी हैं।
उन्होंने अपने साथी के इंसास राइफल से खुद को गोली मारी है। कुर्लीकोट बीओपी के उपनिरीक्षक बबलू क्षेत्री ने कुर्लीकोट थाने में इस संबंध में लिखित सूचना दी है। राजकुमार यादव को रात नौ से रात 11.30 बजे तक ड्यूटी पर तैनात किया गया था। रात 11.15 बजे राजकुमार ने कैंप के मुख्यद्वार पर संतरी ड्यूटी कर रहे श्याम प्रसाद शर्मा से उस जवान को बुलाने को कहा, जिसकी 11.30 बजे से ड्यूटी थी।
श्याम प्रसाद शर्मा के वहां से हटते ही राजकुमार यादव ने उनकी इंसास रायफल से अपने सिर में गोली मार ली। इसके बाद वहां पहुंचे जवानों ने राजकुमार का एसएसबी के चिकित्सक से प्राथमिक उपचार करवाकर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिलीगुड़ी भेज दिया।
उपसेनानायक विनय कुमार ओझा ने बताया कि घायल जवान के परिजन को घटना की जानकारी दी गई है। कुर्लीकोट थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है। घायल जवान के होश में आने के बाद ही पूरी जानकारी मिल पाएगी।