सृजन से जसीमा के एकाउंट में हुआ था दो करोड़ का लेन-देन, जानें... और किनके खिलाफ गैर जमानती वारंट हुआ जारी
सृजन महिला विकास समिति के प्रबंध कार्यकारिणी की सदस्य थी जसीमा। सीबीआइ कोर्ट ने जसीमा समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ जारी किया था गैर जमानती वारंट। अगस्त में सीबीआइ जसीमा को गिरफ्तार साहेबगंज स्थित घर गई थी। भागकर दिल्ली चली गई थी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। साहेबगंज की जसीमा खातून सृजन महिला विकास सहयोग समिति के प्रबंध कार्यकारिणी की सदस्य थी। सृजन से जसीमा के एकाउंट में दो करोड़ का लेन-देन हुआ था। सीबीआइ जसीमा को अगस्त से खोज रही थी। अगस्त महीने में सीबीआइ की टीम जसीमा को गिरफ्तार करने उसके साहेबगंज स्थित घर गई थी, लेकिन वह परिवार सहित भागकर दिल्ली चली गई थी। सबकुछ शांत होने के बाद जसीमा वापस अपने घर आ गई।
इनका रहा है सृजन में योगदान
- - जसीमा खातून : सृजन महिला विकास सहयोग समिति की पदधारक थी। वह साहेबगंज निवासी मो. शकील अहमद की पत्नी है।
- -रजनी प्रिया : सृजन महिला विकास सहयोग समिति की सचिव मनोरमा देवी की बहू और अमित कुमार की पत्नी है। मनोरमा देवी की मौत के बाद रजनी को सृजन के सचिव की जिम्मेदारी दी गई थी।
- - सीमा देवी : सृजन महिला विकास सहयोग समिति की सचिव मनोरमा देवी की बहू और प्रणव कुमार की पत्नी है। सीमा देवी भी सृजन महिला विकास सहयोग समिति लिमिटेड में पदधारक थी।
- - राजरानी वर्मा : सृजन महिला विकास सहयोग समिति लिमिटेड की पदधारक थी। उनके पति का नाम समर समरेंद्र है, जो बिहार कृषि विश्वविद्यालय में कार्यरत है।
- - अर्पणा वर्मा : सृजन महिला विकास सहयोग समिति लिमिटेड की पदधारक थी। उनके पति का नाम अभिषेक वर्मा व उर्फ दीपक वर्मा है, जो पैक्स का अध्यक्ष है। एमएलसी का चुनाव लड़ चुका है। मुखिया भी रह चुका है।
- - रूबी कुमारी : सृजन महिला विकास सहयोग समिति की पदधारक थी। उसके पति विपिन शर्मा शहर के बड़े व्यवसायी हैं। वह भी सृजन घोटाला मामले में जेल में बंद हैं।
सीबीआइ कोर्ट ने जसीमा के साथ-साथ अमित कुमार की पत्नी रजनी प्रिया, प्रणव कुमार की पत्नी सीमा देवी, समर समरेंद्र की पत्नी राजरानी वर्मा, अभिषेक कुमार की पत्नी अर्पणा वर्मा, विपिन वर्मा की पत्नी रूबी कुमारी, पूर्णेंदू कुमार व सतीश कुमार के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया है। घोटाला उजागर होते ही रजनी प्रिया भूमिगत हो गई है।