मुंगेर में स्मृति ईरानी का विपक्ष पर हमला, कहा- एनडीए की सरकार में बढ़ी लोगों की प्रति व्यक्ति आय
मुंगेर में केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने एनडीए प्रत्याशी प्रणव यादव के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर खूब हमला बोला। कहा एनडीए की सरकार में विकास तेजी से हो रहा है।
मुंगेर, जेएनएन। मुंगेर में केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने एनडीए प्रत्याशी प्रणव यादव के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कह कि कांग्रेस के शासनकाल में यदि एक रुपये केंद्र सरकार की तिजौरी से निकलता था, तो महज दस पैसे ही जनता तक पहुंच पाती थी। 90 पैसे बिचौलिए खा जाते थे। हर तरफ भ्रष्टाचार फैला था। कोई देखने वाला नहीं था। लेकिन जब केंद्र में एनडीए की सरकार बनी तो प्रधानमंत्री ने सबसे पहले इस पर रोक लगया। उन्होंने जनधन खाता खुलवाकर योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाया। इससे बिचौलियों की भूमिका अब समाप्त हो गई है। साथ ही कोरोना संकट के काल में जनधन खाते के माध्यम से प्रत्येक गरीब के खाते में सरकार ने 15-15 सौ रुपये की आर्थिक मदद दी गई।
मुंगेर विश्वविद्यालय एनडीए सरकार की देन
स्मृति ईरानी ने कहा कि मुंगेर में एनडीए की सरकार में ही विश्वविद्यालय की स्थापना की गई। इंजीनियरिंग कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू हुआ। मेडिकल कॉलेज के लिए भी प्रयास शुरू किए गए हैं। विकास के सभी तरह के कार्य हो रहे हैं। पहले राजद शासनकाल में माताएं-बहनें सुरक्षित नहीं थी। कुछ दिनों के लिए महागठबंधन की सरकार बनी। उस दौरान भी राजद सिर्फ परिवार के लिए लूट खासोट की योजना बनाता रहा। इसलिए सभी लोग एक एक मत भाजपा उम्मीदवार प्रणव यादव को देकर विजयी बनाएं।
लोगों की बढ़ी आय
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजद के शासनकाल में प्रति व्यक्ति औसत आय आठ हजार रुपये था। वर्तमान में भाजपा जदयू की सरकार में प्रति व्यक्ति औसत आय 40 हजार पहुंच गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि राजद के शासनकाल में बिहार का बजट 20 हजार करोड़ का होता था। वह बजट का आकार बढ़ कर 2 लाख करोड़ से अधिक हो गया है।