भागलपुर में बथान पर सोये पशुपालक की गोली मारकर हत्या
भागलपुर के घोघा में एक पशुपालक की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उपमुखिया पर लगाया गया है। इस संबंध में उनके पुत्र ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। जान बचाने के लिए पशुपालक ने हमलावरों से हाथापाई भी की थी।
भागलपुर, जेएनएन। बेखौफ अपराधियों ने सोमवार की रात घोघा में रेलवे समपार के समीप बथान पर सोये पशुपालक घोघा बाजार निवासी शंभू यादव (55) की गोली मारकर हत्या कर दी। मौत से पहले पशुपालक ने अपनी जान बचाने के लिए हमलावरों से हाथापाई भी की थी। सूचना पर कहलगांव डीएसपी रेशु कृष्णा सन्हौला और घोघा थाना पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की छानबीन कीं। शंभू की पत्नी चंपा देवी, पुत्र बमबम यादव ने पुलिस को बताया कि जमीन विवाद में घोघा पंचायत के उपमुखिया रवि चौधरी ने अपने सहयोगी भीमा चौधरी, विनय चौधरी आदि के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है।
एक गोली चूक गई, दूसरी बिछावन में और तीसरी गोली पीठ में लगी
स्वजनों ने बताया कि शंभू यादव मवेशियों की देखरेख के लिए बथान पर ही सोते थे। घर से बथान की दूरी 200 मीटर है। रात्रि आठ बजे खाना खाकर सोने गए थे। झोपड़ीनुमा चबुतरे पर मछरदानी लगाकर सो रहे थे। पहले से घात लगाए अपराधियों ने रात्रि 12 बजे उनपर ताबड़तोड़ दो गोलियां दाग दीं। एक गोली चूक गई। दूसरी गोली बिछावन में जा लगी। नींद खुलते ही शंभू यादव अपराधियों से भिड़ गए। हाथापाई शुरू हो गई। इसी बीच हमलावरों ने तीसरी गोली चला दी, जो पीठ से होते हुए आंत में जाकर अटक गईं। गोली लगने के बाद पशुपालक जख्मी अवस्था में ही भागकर जुगो यादव के महंथ बाबा बगीचा के पास पहुंचे। वहां से घर 150 मीटर दूर था। यह देख सभी हमलावर भाग निकले। शंभू को जख्मी देखकर जुगो यादव ने स्वजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद मायागंज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही शंभू ने दम तोड़ दिया। घोघा थानाध्यक्ष मु. दिलशाद ने कहा की पशुपालक के पुत्र बमबम यादव के ब्यान पर केस किया गया है, जिसमें नामजद के अलावा अज्ञात को भी आरोपित किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।