Jamui: शराब पीकर हंगामा करने से मना करने पर भाभी के साथ किया कुछ ऐसा कि...
जमुई में शराब पीने से मना करने पर देवर ने भाभी को पीट दिया। शराबी देवर शराब पीकर घर में हंगामा कर रहा है। वहीं एक अन्य मामले में सगे भाई न अपने शराबी भाई को पुलिस से गिरफ्तार करवा दिया है।
संवाद सहयोगी, जमुई। लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के चिनबेरिया गांव में मंगलवार की रात शराबी देवर ने अपनी ही भाभी की जमकर पिटाई कर दी। उसके बाद बेहोशी अवस्था में भाभी को छत से नीचे गिरा दिया। बेहोशी अवस्था में महिला को स्थानीय लोगों द्वारा बुधवार की सुबह इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के बाद महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायल महिला की पहचान चिनबेरिया गांव निवासी शिशुपाल पासवान की पत्नी प्रियंका देवी के रूप में हुई है। घायल महिला के पति बाहर गए हुए थे। रात में उसका देवर मेलहु पासवान शराब के नशे में धुत होकर आया और गाली-ग्लौज करने लगा। गाली-ग्लौज करने से जब मना किया गया तो मेलहु ने अपनी भाभी की जमकर पिटाई कर दी। साथ ही गोतनी रूबी देवी और बबिता देवी द्वारा भी मारपीट किया गया और छत से नीचे गिराकर बेहोशी अवस्था में छोड़ दिया गया। वहीं घटना की जानकारी स्थानीय थाना को दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
शराबी भाई के विरुद्ध दर्ज कराया केस, गिरफ्तार
सोनो थाना क्षेत्र के मटिहाना में शराबी भाई की हरकतों से तंग आकर उसके विरुद्ध सहोदर भाई ने सोनो थाना में एफआइआर दर्ज करवाया है। दर्ज एफआइआर में मटिहाना निवासी त्रिपुरारी कुमार ने बताया कि मंगलवार को जब वह अपने परिवार के साथ खाना पीना खाकर आराम कर रहे थे उसी समय भाई मुरारी कुमार उर्फ विनय कुमार मां के साथ मारपीट व गाली-गलौज करने लगा। जब मां को बचाने गए तो नशे की हालत में भाई मुरारी ने उसके साथ भी गाली-गलौज की और पत्थर से हमला कर दिया। त्रिपुरारी ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दी। आरोपित बराबर शराब पीकर उत्पात मचाता है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर सोनो थाना लाई जहां शराब सेवन की पुष्टि के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।