सात डेंगू पीड़ितों ने रिपोर्ट आने के पहले अस्पताल छोड़ा
जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में सात संदिग्ध डेंगू पीड़ितों को भर्ती किया गया था बुधवार को रिपोर्ट में डेंगू होने की जब पुष्टि हुई और मरीजों को खोजा जाने लगा तो वे लोग अस्पताल छोड़कर जा चुके थे।
भागलपुर । जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में सात संदिग्ध डेंगू पीड़ितों को भर्ती किया गया था, बुधवार को रिपोर्ट में डेंगू होने की जब पुष्टि हुई और मरीजों को खोजा जाने लगा तो वे लोग अस्पताल छोड़कर जा चुके थे।
दरअसल, शनिवार और रविवार को जेएलएनएमसीएच में रोशन कुमार, प्रेम कुमार, आशिष कुमार, गुड़िया देवी, हरिहर साह, करण कुमार और जोलो देवी को भर्ती किया गया। डेंगू की पुष्टि के लिए सोमवार को एलिजा जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। बुधवार को रिपोर्ट अस्पताल प्रशासन को मिली, जिसमें डेंगू होने की पुष्टि की गई। इसके बाद मरीजों को जब खोजा जाने लगा तो वे सभी गायब मिले। इन मरीजों को इनडोर मेडिसीन विभाग में भर्ती किया गया था। हालांकि, अबतक अस्पताल में अलग से डेंगू वार्ड का निर्माण नहीं किया गया है।
अस्पताल अधीक्षक ने कहा कि शीघ्र ही डेंगू वार्ड बनाया जाएगा। जबतक डेंगू की पुष्टि नहीं हो जाती तबतक मरीजों को डेंगू वार्ड में भर्ती नहीं किया जाएगा।