बिहार के सरकारी स्कूलों में विज्ञान और गणित की पढ़ाई के लिए बनी नई व्यवस्था, शिक्षकों को करने होंगे यह काम
बिहार के विज्ञान और गणित में छात्रों की अभिरुचि बढ़ायी जाएगी। राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत प्रत्येक विद्यालय में होगी विज्ञान और गणित क्लब की स्थापना। सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं के लिए शिक्षा विभाग की अनूठी पहल की शुरुआत कर दी है।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। सरकारी स्कूल के छात्र-छात्राओं में विज्ञान और गणित के प्रति अभिरुचि बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग ने अनूठी पहल की है। राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत अब प्रत्येक विद्यालय में विज्ञान क्लब और गणित क्लब की स्थापना की जाएगी। हर एक विज्ञान क्लब और गणित क्लब में 10 छात्र और 10 छात्राएं सदस्य के रूप में शामिल होंगी। विद्यालय के प्रधानाध्यापक क्लब के संरक्षक और विज्ञान और गणित के शिक्षक क्लब के सचिव होंगे। माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में गठित होने वाले विज्ञान और गणित क्लब में कक्षा नौ से 11 तक के विद्यार्थी सदस्य होंगे। वहीं, मध्य विद्यालयों में गठित होने वाले क्लब में कक्षा छह, सात और आठ के छात्र-छात्रा सदस्य के रूप में शामिल होंगे।
छात्रों में बढ़ेगी वैज्ञानिक गतिविधियों और नवाचार के प्रति जिज्ञासा
विज्ञान और गणित क्लब के गठन से छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक गतिविधियों और विज्ञान के क्षेत्र में होने वाले नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। विद्यालय के विज्ञान शिक्षक को विज्ञान क्लब और गणित शिक्षक को गणित क्लब का नोडल अधिकारी बनाया जाएगा।
ऐसे काम करेगा क्लब
विज्ञान और गणित क्लब की ओर से एक-एक वर्ष का वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जाएगा। जिसमें विभिन्न तिथियों को होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। प्रधानाध्यापक, नोडल शिक्षक, क्लब के सदस्य आदि घंटी के बाद बैठक कर कार्यक्रम के आयोजन की रूपरेखा तय करेंगे। छात्रों के रचनात्मक, अविष्कारशैली दृष्टिकोण के विकास के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा। छात्रों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करने के लिए विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे नए-नए अविष्कारों के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्हें विज्ञानियों के जीवन चरित्र के बारे में भी बताया जाएगा। क्लब की ओर से विज्ञान विषय पर निबंध प्रतियोगिता, व्याख्यान, वाद-विवाद, सेमिनार और संगोष्ठी आयोजित किए जाएंगे। विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, विज्ञान मेला, विज्ञान दिवस आदि का भी आयोजन होगा। वहीं, देश और विश्व के प्रमुख विज्ञानियों की जयंती भी मनाई जाएगी।
जिला के 285 माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के साथ ही 769 प्राथमिक विद्यालयों में गणित और विज्ञान क्लब का गठन करने का निर्देश दिया गया है। क्लब के गठन के लिए प्रत्येक विद्यालय को दो-दो हजार रुपये दिए गए हैं। - संजय कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, भागलपुर