JLNMCH : एमसीआइ निरीक्षण में गैरहाजिर 41 डॉक्टरों का वेतन कटा, जानिए Bhagalpur News
निरीक्षण को देखते हुए सभी डॉक्टरों की छुट्टी रद कर दी गई थी। इसलिए कि टीम उनकी उपस्थिति देखती है। छुट्टी रद होने के बाद भी निरीक्षण के दौरान 41 डॉक्टर अनुपस्थित मिले थे।
भागलपुर [जेएनएन]। स्वास्थ्य विभाग ने ड्यूटी से गायब रहने वाले 41 डॉक्टरों के वेतन काटने का निर्देश दिया है। इन चिकित्सकों में नियमित और संविदा पर नियुक्त डॉक्टर शामिल हैं। इसी साल 15 अप्रैल को मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआइ) के निरीक्षकों ने जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल का निरीक्षण किया था।
निरीक्षण को देखते हुए सभी डॉक्टरों की छुट्टी रद कर दी गई थी। इसलिए कि टीम उनकी उपस्थिति देखती है। छुट्टी रद होने के बाद भी निरीक्षण के दौरान 41 डॉक्टर अनुपस्थित मिले थे। इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने सभी डॉक्टरों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया था।
स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं होने पर उन डॉक्टरों के वेतन काटने का निर्देश दिया गया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हेमंत कुमार सिन्हा ने कहा कि तीन विभागाध्यक्ष समेत 41 डॉक्टरों का वेतन काटा गया है। नियमित डॉक्टरों का चार दिन और संविदा पर नियुक्त डॉक्टरों का एक सप्ताह का वेतन काटने का निर्देश स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव ने दिया है।