Move to Jagran APP

चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को ही मनाएं अपना नववर्ष, RSS इस प्रकार मनाएगा वर्ष प्रतिपदा उत्सव

RSS Varsha Pratipada Ustav Chaitra Shukla Pratipada Corona virus के कारण आरएसएस ने वर्ष प्रतिपदा उत्‍सव में परिवर्तन किया गया है। जा‍निए... किसी प्रकार बनी है योजना।

By Dilip ShuklaEdited By: Published: Tue, 24 Mar 2020 10:18 AM (IST)Updated: Tue, 24 Mar 2020 10:18 AM (IST)
चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को ही मनाएं अपना नववर्ष, RSS इस प्रकार मनाएगा वर्ष प्रतिपदा उत्सव
चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को ही मनाएं अपना नववर्ष, RSS इस प्रकार मनाएगा वर्ष प्रतिपदा उत्सव

भागलपुर [दिलीप कुमार शुक्ला]। आज चैत्र माह कृष्ण पक्ष की अमावास्या तिथि है। यानी विक्रम संवत 2076 का अंतिम दिन है। बुधवार को 25 मार्च 2020 को चैत्र शुक्ल पक्ष की पहली तिथि है। कल से नवरात्र प्रारंभ है। विक्रम‍ संवत 2077 भी कल से शुरू होगा। कल नववर्ष है। इस नववर्ष को भारतीय यानी हिंदू नववर्ष कहा जाता है। चैत्र शुक्ल पक्ष वर्ष प्रति‍पदा विक्रम संवत 2077 के स्वागत के लिए लोग तरह-तरह से तैयारी कर रहे हैं। कल से दुर्गा पूजा शुरू है। नवरात्र में शक्ति स्वरूपा देवी दुर्गा की पूजा और आराधना की जाएगी। इसे चैती नवरात्र कहते हैं। 

loksabha election banner

चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को मनाएं नववर्ष मनाएं

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने लोगों से आह्वान किया है कि वे चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को धूमधाम से नववर्ष मनाएं। इसके बारे में परिवार में लोगों के साथ-साथ अपने बच्चों को भी बताएं। बच्चों को भारतीय संस्कृति के बारे में बताने की ज्यादा जरूरत है। आने वाली पीढ़ी को बताना जरूरी है कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन ही ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की थी। इस दिन को कई कामों के लिए याद किया जाता है। हम लोग अपनी संस्कृति को भूलते जा रहे हैं। जिस अंग्रेज को भारत से भगाने के लिए लाखों लोगों ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए उसी अंग्रेज के नया साल को हमलोग मनाते आ रहे हैं। एक जनवरी को कोई ऐसा काम नहीं हुआ जिसके लिए उस तिथि को हमलोग याद रखें। समय रहते नहीं सचेत हुए तो हम लोग अपनी संस्कृति को नहीं बचा पाएंगे। 

आरएसएस संस्थापक की जयंती 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह निर्भय कुमार चौधरी ने कहा कि आरएसएस के संस्थापक अर्थात प्रथम सरसंघचालक डॉ केशवराव बलिराव हेडगेवार का जन्म वर्ष प्रतिपदा चैत्र शुक्‍ल पक्ष एक को हुआ था। इस कारण स्‍वयंसेवक इस दिन को काफी उत्साह और धूमधाम से मनाते हैं। इस दिन गणवेश में पथ संचलन, बौद्धिक, शार‍ीरिक और घोष प्रदर्शन, आद्य सरसंचालक प्रणाम आदि के कार्यक्रम होते हैं। इसके आलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाता है। घरों, सड़कों और चौक-चौराहों को सजाया जाता है। रंगोली बनाई जाती है। जगह-जगह तोरण द्वार लगाए जाते हैं। मंदिरों में दीप प्रज्‍वलन किया जाता है। भारत माता की आरती होती है।

इस बार सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं करेगा आरएसएस 

जिला कार्यवाह निर्भय कुमार चौधरी ने कहा कि आरएसएस इस बार कोई भी सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं करेगा। देश इस समय कोरोना वायरस की चपेट में है। उन्‍होंने कहा कि केंद्र, राज्‍य और जिला प्रशासन के निर्देश पर संघ पूरी तरह पालन करेगा। उन्‍होंने कहा इस बार सिर्फ एक-दो स्‍वयंसेवक ही एक साथ मिलकर जिले के प्रत्‍येक घरों में भगवा ध्‍वज का वितरण किया है। जिला कार्यवाह ने अपील की है कि वर्ष प्रतिपदा उत्सव अपने घरों में मनाएं। संभव हो तो गणेवश में उत्‍सव में भाग लें। घर के सारे सदस्‍य एक साथ बैठकर अपने ही घर में उत्‍सव मनाएं। घर में ध्वज लगाकर आद्य सरसंघचालक प्रणाम और प्रार्थना करें। संघ संस्थापक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार, आरएसएस, महाराज विक्रमादित्य और वर्ष प्रतिपदा के बारे में चर्चा करें। उन्होंने सभी लोगों से अपने-अपने घरों पर भगवा ध्वज लगाने, लोगों को नववर्ष  की शुभकामनाएं देने, घरों में दीपक जलाने व उस दिन पकवान बनाने का अनुरोध किया। इस दिन फोन तथा सोशल साइट के माध्यम से लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं दें। 

गणवेश में घर में मनाएं उत्सव 

भागलपुर नगर के सह शारीरिक प्रमुख रवि कुमार पंडित ने कहा कि भागलपुर नगर में वर्ष प्रतिपदा उत्‍सव की तैयारी भी सामान्‍य रूप से की गई है। उन्‍होंने कहा नगर में आसपास के पांच स्‍वयंसेवकों की टोली बनाई गई है। स्‍वयंसेवक गणेवश में घर में ही उत्‍सव मनाएंगे। गणवेश नहीं हो तो सामान्‍य वेश भी उत्‍सव में भाग ले सकते हैं। किसी भी सार्वजनिक स्‍थानों पर उत्‍सव का आयोजन नहीं होगा।

भागलपुर नगर के सह शारीरिक प्रमुख रवि कुमार पंडित ने बताया कि प्रत्येक दिन लगने वाली शाखाओं को बंद नहीं किया गया है। शाखा आने वाले सभी स्‍वयंसेवकों को एक-एक मीटर दूरी पर खड़ा करके कार्यक्रम किया जाता है।

फोन कर देंगे शुभकामनाएं 

भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने कहा कि जिस प्रकार सभी हिंदू त्योहार हम लोग अपने घर में एक साथ स्वजनों के साथ मिलकर मनाते हैं, उसी प्रकार इस बार हिंदू नवर्ष अपने घर में मनाएंगे। उन्होंने कहा स्वजनों, मित्रों और पार्टी कार्यकर्ताओं और फोन तथा सोशल साइट से शुभकामनाएं प्रेषित करेंगे।  कोरोना वाइरस के संबंध में जारी निर्देशों पर पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वयं के नियंत्रण में खुद को रखें। 

सरकार्यवाह ने भेजा है पत्र 

देश इस समय कोरोना वायरस की चपेट में है। राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह सुरेश भैय्या जोशी ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। उन्‍होंने अपने पत्र में लिखा है कि स्थानीय प्रशासन की सूचनाओं को ध्यान में रखते हुए नित्‍य लगने वाली शाखा के संदर्भ में निर्णय करें। घरों में ध्वज लगाकर प्रार्थना कर सकते हैं। वर्ष प्रतिपदा उत्सव विक्रेंद्रित रूप में मनाएं। आद्य सरसंघचालक प्रणाम और प्रार्थना ही पर्याप्त  है। घर में नववर्ष वर्ष प्रतिपदा उत्सव मनाएं। जरूरतमंद परिवारों को ध्यान में रखते हुए उन्हें भोजन सामग्री पहुंचाने की यथा संबंध व्यवस्था करें। इस योजना में मंदिर, गुरुद्वारे, सामाजिक संस्थाएं को साथ लेने का प्रयास करें। सामाजिक सद्भाव बैठकों में सम्‍मलित होने वाले प्रमुखों का भी सहयोग लेना ठीक रहेगा। सेवा बस्तियों में स्वच्छता, स्वास्‍थ्‍य जागरूकता आदि विषयों पर छोटे-छोटे गुटों में संवाद करने की योजना करें। अप्रैल के प्रथम सप्ताह में स्थिति का आकलन करके संघ शिक्षा वर्ग के संबंध में कोई भी निर्णय लें। स्थानीय प्रशासन, जन प्रतिनिधियों से संपर्क करते हुए सहयोग करें। शासन के द्वारा लिए गए निर्णयों के पालन में पूर्णत: सहयोग करें।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.