विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंह में शक्कर, पैर में चक्कर और दिल में आग; भागलपुर में क्षेत्र प्रचारक रामनवमी जी ने RSS के मूल मंत्र काे समझाया

Published: Wed, 16 Sep 2026 10:48 PM (IST)

आरएसएस के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में भागलपुर में आयोजित क्षेत्रीय पूर्णकालिक कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग में क्षेत्र प्रचारक रामनवमी जी ...और पढ़ें

RSS Karyakarta Abhyas Varg Bhagalpur:  भागलपुर के चंपानगर स्थित पूरनमल बाजोरिया शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में RSS अभ्यास वर्ग का संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन करते क्षेत्र प्रचारक रामनवमी जी व अन्य वरिष्ठ अधिकारी

RSS Karyakarta Abhyas Varg Bhagalpur:  भागलपुर के चंपानगर स्थित पूरनमल बाजोरिया शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में RSS अभ्यास वर्ग का संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन करते क्षेत्र प्रचारक रामनवमी जी व अन्य वरिष्ठ अधिकारी

HighLights

  1. भागलपुर में आरएसएस शताब्दी वर्ष क्षेत्रीय पूर्णकालिक कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग का आयोजन।

  2. क्षेत्र प्रचारक रामनवमी जी ने स्वयंसेवकों को राष्ट्र सेवा का मूल मंत्र दिया।

  3. आदर्श कार्यकर्ता के लिए 'मुंह में शक्कर, पैर में चक्कर' का सिद्धांत बताया।

संवाद सूत्र, नाथनगर (भागलपुर)। RSS Karyakarta Abhyas Varg Bhagalpur: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चंपानगर, नरगाकोठी स्थित पूरनमल बाजोरिया शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में आयोजित क्षेत्रीय पूर्णकालिक कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग के दूसरे दिन का शुभारंभ बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ। कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन क्षेत्र प्रचारक रामनवमी जी, अखिल भारतीय मंत्री ब्रह्माजी राव, अखिल भारतीय मंत्री कमल किशोर सिन्हा, क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्यालीराम जी और क्षेत्र कार्यवाह डॉ. मोहन सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।

अभ्यास वर्ग के मुख्य सत्र को संबोधित करते हुए क्षेत्र प्रचारक रामनवमी जी ने स्वयंसेवकों को संगठन और राष्ट्र सेवा का मूल मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का यह ऐतिहासिक शताब्दी वर्ष चल रहा है। ऐसे में जो भी स्वयं को निष्ठावान स्वयंसेवक मानते हैं, उनका यह परम कर्तव्य है कि वे आगामी विजयादशमी के अवसर पर समाज के बीच पूर्ण गणवेश में आयोजित होने वाले पथ संचलन में पूरे अनुशासन के साथ सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज के दौर में समाज के सज्जन और सकारात्मक सोच रखने वाले व्यक्तियों को राष्ट्र निर्माण के लिए संगठित व जागृत करने की महती आवश्यकता है।

मुंह में शक्कर, पैर में चक्कर और सिर पर बर्फ: रामनवमी जी

कार्यकर्ताओं की कार्यशैली और आचरण को रेखांकित करते हुए क्षेत्र प्रचारक ने कहा कि एक आदर्श प्रचारक और कार्यकर्ता के ‘मुंह में शक्कर, पैर में चक्कर, दिल में आग और सिर पर बर्फ’ होनी चाहिए। अर्थात वाणी में सदैव मिठास हो, समाज व क्षेत्र के सतत संपर्क के लिए पैरों में निरंतर गतिशीलता (प्रवास) हो, राष्ट्रोत्थान के संकल्प को लेकर दिल में निरंतर धधकती आग हो और किसी भी परिस्थिति में निर्णय लेने के लिए सिर पर बर्फ की तरह शीतलता होनी चाहिए। ठंडे दिमाग से गंभीर आत्ममंथन करने के बाद ही कोई ठोस फैसला लेना चाहिए। उन्होंने कार्य विस्तार का खाका रखते हुए कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण के लिए सायं शाखा और नौकरीपेशा व व्यवसायियों की सुविधा के लिए प्रातः शाखाओं का नियमित संचालन होना चाहिए।

कथनी और करनी का भेद मिटना ही सच्ची नैतिकता: कमल किशोर सिन्हा

सत्र को संबोधित करते हुए विद्या भारती के अखिल भारतीय मंत्री कमल किशोर सिन्हा ने कहा कि विद्या भारती के पांच प्रमुख आधारभूत विषयों में नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ है। जब व्यक्ति नीति और नियमों के अनुरूप आचरण करता है, तभी समाज में नैतिकता स्थापित होती है। उन्होंने जीवन में सत्य, कार्यप्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता और व्यक्तिगत चरित्र में ईमानदारी पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि चाहे प्रधानाचार्य हों, आचार्य, सेवक-सेविका, प्रबंध समिति के सदस्य, अभिभावक या नन्हे विद्यार्थी—सभी के साथ हमारा व्यवहार अत्यंत विनम्र होना चाहिए। रात को सोने से पहले हर व्यक्ति को कम से कम पांच मिनट यह आत्मचिंतन करना चाहिए कि दिनभर उसके द्वारा किए गए आचरण से समाज को क्या लाभ हुआ। जिस क्षण व्यक्ति की कथनी और करनी का दोहरापन समाप्त हो जाएगा, उसी क्षण जीवन में नैतिकता और आध्यात्मिकता स्वतः चरितार्थ हो जाएगी।

स्व-प्रेरणा से समर्पण ही कार्यकर्ता की पहचान: ब्रह्माजी राव

अखिल भारतीय मंत्री ब्रह्माजी राव ने अपने विचार रखते हुए कहा कि जो बिना किसी बाहरी दबाव या स्वार्थ के केवल स्व-प्रेरणा और अंतरात्मा की आवाज पर तन, मन और धन समर्पित कर राष्ट्र के परम वैभव के लक्ष्य के लिए अनवरत जुटा रहे, वही सच्चा कार्यकर्ता है।

इस महत्वपूर्ण अभ्यास वर्ग में दक्ष‍िण ब‍िहार प्रांत प्रचारक उमेश रंजन, सह प्रचारक आशीष कुमार, भागलपुर व‍िभाग प्रचारक सुरेंद्र जी, रामाशंकर जी, प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, नकुल कुमार शर्मा, रामलाल सिंह, सतीश कुमार सिंह, उमाशंकर पोद्दार, ब्रह्मदेव प्रसाद, अखिलेश कुमार, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार वर्मा, मीडिया प्रभारी अजीत कुमार दुबे, शशि भूषण मिश्र सहित 40 प्रमुख पूर्णकालिक कार्यकर्ता और महाविद्यालय परिवार के प्राध्यापक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।