Road accident : स्कार्पियो के धक्के से बाइक सवार की मौत, देर रात भागलपुर एनएच 31 पर हुआ हादसा
Road accident Bhagalpur भागलपुर में हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक खगडि़या की तरफ से बाइक से भागलपुर लौट रहा था। इसी दौरान स्कार्पियो ने उसे ठोकर मार दी। इस घटना में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। फिर मौत हो गई।
भागलपुर, जेएनएन। Road accident Bhagalpur : भागलपुर के नवगछिया इलाके में एक युवक की मौत सड़क दुर्घटना में हो गई। वह बाइक से अपने घर भागलपुर आ रहा था। इसी क्रम में एनएच 31 पर उसे स्कार्पियो ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। वह मोबाइल कंपनी में काम करता था। कंपनी के ही कार्य से वह गया था। इस घटना के बाद उसके घर में मातमी सन्नाटा पसर गया है। स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि सुबह शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, बिहपुर और झंडापुर के बीच एनएच 31 पर चोरहर ढाला के समीप तेज रफ्तार से आ रही स्कार्पियो ने एक बाइक को धक्का मार दिया। इस हादसे में बाइक सवार भागलपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के गोनूधाम आजादनगर निवासी आलोक कुमार की मौत हो गई। वह मिथिलेश झा के पुत्र था। घटना उस समय हुई जब खगड़िया की ओर से वह भागलपुर अपने दोस्तों के साथ लौट रहा था। घटना की सूचना मिलने पर झंडापुर ओपी प्रभारी शिव प्रसाद रमणी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच की। थानाध्यक्ष ने कहा कि स्कार्पियो के धक्का से बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। चिंताजनक हालत में उसे नवगछिया रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने प्रारंभिक उपचाकर कर उसे जेएलएनएमसीएच भागलपुर रेफर कर दिया। नवगछिया से भागलपुर आने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आलोक अपने बाइक पर अकेला था। लेकिन उसके साथ एक और बाइक थी, जिसपर दो लोग सवार थे। तीनों आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं। दुर्घटनाग्रस्त बाइक आलोक के साथ आ रहे उसके दोस्त अपने साथ लेते गए। ओपी प्रभारी ने कहा कि धक्का मार कर चालक स्कॉर्पियो लेकर भाग गया। इसलिए उसकी पहचान नहीं हुई। घटना की सूचना पर मृतक के स्वजन जेएलएनएमसीएच पहुंचे। अभी शव वहीं पड़ा है। स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। घटना रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है।