जिला राजद टीम को मिला चुनावी टास्क
विधानसभा चुनाव को लेकर राजद ने तैयारी शुरू कर दी है।
भागलपुर। विधानसभा चुनाव को लेकर राजद ने तैयारी शुरू कर दी है। अभी तक जिले में 80 बूथ कमेटी बनाया गया है। शहर से सुदूर इलाकों तक लोगों को राजद परिवार से जोड़ा जाएगा। इसके लिए पार्टी के पदाधिकारी से लेकर कार्यकर्ताओं को भी लगाया जाएगा। दरअसल, गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास पर भागलपुर के राजद जिलाध्यक्ष, पार्टी के पदाधिकारी और पीरपैंती विधायक रामविलास पासवान के साथ बैठक की।
बैठक में चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों को लेकर समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि अभी तक जिले में 80 फीसद बूथ कमेटी बनाया गया है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को कहा कि जल्द से जल्द बूथ कमेटी की संचिका पुस्तिका बनाकर प्रदेश कार्यालय को सौंप दिया जाएगा। कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर भागलपुर में लॉकडाउन के बाद शुरू होगा। बैठक में भागलपुर महानगर अध्यक्ष मु. मास्टर सलाउद्दीन, नवगछिया पुलिस जिलाध्यक्ष अलख निरंजन पासवान, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश महासचिव प्रतिमा सिन्हा, नाथनगर प्रखंड अध्यक्ष छत्रधारी मंडल, जनार्दन आजाद और मंजीत ठाकुर थे।