राजद कार्यकर्ता सम्मेलन : पहुंचे कई दिग्गज नेता, बोले-राज्य और केंद्र सरकार ने मिलकर देश में फैलाई अशांति Bhagalpur news
भागलपुर में राजद के कार्यकर्ता सम्मेलन में कई दिग्गज नेता पहुंचे। राष्ट्रीय महासचिव ने राज्य और केंद्र सरकार पर देश में अशांति फैलाने का आरोप लगाया।
भागलपुर, जेएनएन। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय महासचिव जयप्रकाश यादव ने कहा कि देश का संविधान खतरे में है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं जमीन पर दिखाई नहीं पड़ रही है। वह टाउन हाल में पार्टी के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार नफरत फैला रही है। दलितों का शोषण व दोहन हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में केंद्र सरकार अशांति फैला रही है। राज्य सरकार भी केंद्र सरकार में इसमें पूरा साथ दे रही हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता दोनों को सबक सिखाएगी।
युवा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि भागलपुर में जाम से लोगों को हर दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भागलपुर से पीरपैंती तक एनएच-80 की स्थिति दयनीय है। सड़क जर्जर हो चुकी है। प्रदेश महासचिव डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने कहा कि राज्य में अपराध का ग्राफ बढ़ा है। प्रतिदिन हत्या, दुष्कर्म, अपहरण, लूट, डकैती की घटनाओं को अपराधी अंजाम दे रहे हैं।
सृजन के दोषियों पर नहीं हो रही कार्रवाई
विधायक रामविलास पासवान ने कहा कि सृजन घोटाले के दोषियों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता चंद्रशेखर यादव और संचालन सलाउद्दीन हसन कर रहे थे। इस दौरान पूर्व विधायक फनींद्र चौधरी, राबिया खातून, डॉ. तिरूपति नाथ यादव, नीरज कुमार साह, मु. मेराज, डॉ. आनंद आजाद, दिलीप यादव, रानी देवी, अरुण कुमार यादव, प्रतिमा कुशवाहा, ङ्क्षरकू राज, प्रो. रामाश्रय मिस्त्री, अलख निरंजन पासवान, अजय आजाद, डॉ. नितेश कुमार, मुकेश यादव, समेत कई पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन में मौजूद थे।
जाप के पूर्व जिलाध्यक्ष ने ली राजद की सदस्यता
जनअधिकार पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार आलोक अपने कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार को राजद की सदस्यता ली। उनके साथ सूरज कुमार, जीतेंद्र कुमार जीतू, रीता देवी सहित अन्य लोगों ने राजद की सदस्यता ली।