राजद ने राज्य सरकार की नीतियों की जमकर अलोचना की, उठाए कई सवाल Bhagalpur News
राजद ने भागलपुर जिले में अपने स्थापना दिवस पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार की नीतियों की आलोचना की।
भागलपुर [जेएनएन]। भागलपुर के राजद कार्यकर्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। शराबबंदी के नाम पर अवैध शराब की खूब बिक्री हो रही है। जिले में रोज हत्याएं हो रहीं हैं। योजनाओं में क्रियान्वयन के नाम पर सिर्फ लूट हो रहा है। अपराधी और पुलिस में सांठगांठ हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि नीतीश कुमार सत्ता प्राप्त करने के लिए किसी के हद तक जा सकते हैं। उनका अपना कोई अब सिद्धांत नहीं है। सत्ता प्राप्त करने के लिए कुछ भी कर गुजरते हैं। उक्त बातें भागलपुर के कई प्रखंडों में आयोजित धरना प्रदर्शन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजद कार्यकर्ता बोल रहे थे।
राजद के स्थापना दिवस पर कहलगांव प्रखंड कार्यालय परिसर में ज्वलंत मुद्दों को लेकर राजद कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और मांगपत्र बीडीओ को सौंपा। धरना का नेतृत्व प्रखंड राजद अध्यक्ष बासुकीनाथ यादव ने एवं संचालन जिला महासचिव पवन कुमार भारती ने किया। धरना में चमकी बुखार बीमारी से हो रहे बच्चों की मौत, भीषण लू से हुई सैकड़ों लोगों की मौत, सुखाड़, पेयजल की समस्या, गिरती विधि व्यवस्था आदि सवालों को उठाया गया।
धरना स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रो रामाश्रय मिस्त्री, योगेंद्र प्रसाद यादव, मो मकबूल, रविशेखर, अखिलेश यादव, प्रीतम कुमार, संजय भूतेश, अशोक यादव, विन्देश्वरी शर्मा, राजकुमार यादव, मो जुबेर, उदय यादव, लालू यादव, अर्जुन मंडल आदि ने सम्बोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की जमकर आलोचना की। प्रखंड, अंचल कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार, शौचालय के नाम पर मची लूट,कृषि अनुदान,पेंशन आदि आरोप लगाते हुए सुधार लाने की बात कही। इन सवालों पर राजद परिवार आंदोलन करेगी।
सरकार के विफलता के विरोध में राजद कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
राजद प्रदेश कार्यालय के आह्वान पर सन्हौला राजद कार्यकर्ताओं ने सरकार की विफलता के खिलाफ सन्हौला प्रखंड राजद अध्यक्ष रामबिलास यादव की अध्यक्षता में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिहार में चमकी बिमारी से सेकड़ों बच्चों की मौत हुई, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। बिहार की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गया है, सरकार की सात निश्चय योजना के तहत हर घर नल विफल है। पानी नहीं मिल रहा है, लोग पीने का पानी के लिये काफी परेशानी है, सरकार में कमीशन खोरी व्याप्त है, कोई भी कार्य बिना कमिशन का नही होता है। इस मौके पर विवेकानंद यादव, भोला यादव, बिजय कु यादव, कैलाश यादव, श्रीकांत यादव सहित प्रखंड के तमाम राजद कार्यकर्ता मौजूद थे।