ऊपरी कमाई और जेब गर्म करने का वीडियो वायरल, बांका डीएम ने किया राजस्व कर्मचारी निलंबित
बांका में एक राजस्व कर्मचारी पर बड़ी कार्यवाही की गई है। मामले में उसका एक वीडियो तेजी के साथ वायरल हुआ था। इस वीडियो में राजस्व कर्मचारी ऊपरी कमाई कर अपनी जेब गर्म कर रहा था माने घूस लेते हुए दिखाई दे रहा था।
संवाद सूत्र, धोरैया (बांका) : धोरैया अंचल के राजस्व कर्मचारी अवधेश कुमार पोद्दार को रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने के बाद निलंबित कर दिया गया है। जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के आदेश पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हुई है। निलंबन अवधि में उन्हें चांदन अंचल मुख्यालय में रहना है। बताया जाता है कि राजस्व कर्मचारी पोद्दार एक व्यक्ति से रसीद काटने के नाम पर खुलेआम प्रखंड मुख्यालय परिसर में पैसे ले रहे थे। इसका विडियो बनाकर किसी ने इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया था।
डीएम ने इस पर संज्ञान लेते हुए भ्रष्टाचार में लिप्त रहने का मामला मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी एवं भूमि सुधार उप समाहर्त्ता को वायरल वीडियो की जांच करते हुए मामला जांचोपरांत सही पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया है। वहीं रिश्वत के मामले को लेकर राजस्व कर्मचारी के निलंबन की खबर से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। सोमवार को अंचल कार्यालय में सन्नाटा छाया रहा। वहीं राजस्व कर्मचारी अवधेश कुमार पोद्दार ने कहा कि वे रसीद काटने के लिए पैसे लिए थे।