बारिश से किसानों के खिले चेहरे तो जलजमाव से स्थिति भयावह Bhagalpur News
सोमवार को दोपहर बाद हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। धान की फसल होने की संभावनाएं बढ गई है। मौसम ठंड हो गया। लोगों ने राहत ली।
भागलपुर [जेएनएन]। सोमवार को दोपहर बाद जमकर बारिश हुई। लगभग एक घंटे तक हुई बारिश में 12.4 मिलीमीटर पानी गिरा। इस दौरान साढ़े चार किलोमीटर की गति से पूर्वा हवा चली। इससे अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
मंगलवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और झमाझम बारिश होगी। बीएयू मौसम विभाग के नोडल पदाधिकारी प्रो. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि बंगाल की खाडी में हवा का निम्न दाब बना हुआ है। जिसके कारण बारिश की संभावना मंगलवार तक बनी हुई है।
बारिश ने धान को कराया अमृतपान
पानी बरसने की आस लगाए बैठे किसानों के लिए भी यह बारिश संजीवनी बनकर आई। खेतों में पीले पड़ रहे धान की फसल जिसे पानी की सख्त दरकार थी। उसे भी इस बारिश ने अमृतपान कराया।
बंगाल की खाड़ी में हवा का निम्न दाब बनने से मानसून सोमवार को सक्रिय हुआ। सोमवार को दोपहर डेढ़ बजे के बाद से लगातार भागलपुर में बारिश हो रही है। इस बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। किसानों ने कहा कि अब धान की फसल हो जाएगी। बारिश इतनी तेज थी कि इस सीजन में अब तक इस तरह वर्षा नहीं हुई थी। किसान बारिश के लिए आकाश में टकटकी लगाए हुए थे। धान का बिचड़ा सूख रहा था। बोरिंग से किसान खेतों का पटवन कर रहे थे। अचानक मुसलाधार बारिश ने सबके चेहरे पर खुशी ला दी। नहर में पानी बहने लगा। खेतों पर्याप्त पानी हो जाने से अब किसान धान रोपने की तैयारी करेंगे। धान के बिचड़ा को लाभ पहुंचेगा। इस बारिश से फल और सब्जी की खेती को भी पानी की जरूरत पूरी हो गई।
बीएयू मौसम विभाग के नोडल पदाधिकारी प्रो. बीरेंद्र कुमार ने कहा कि अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में भी गिरावट हुई है। बारिश खेती-किसानी के लिए यह वरदान साबित होगी।
शहर का नारकीय, स्कूली बच्चे हुए परेशान
बारिश उस समय शुरू हुई जब स्कूल में छुट्टी का समय हो रहा था। ज्यादातर स्कूलों में दोपहर 2 बजे छुट्टी दी जाती है। डेढ़ बजे से शुरू हुई बारिश लगातार अब तक जारी है। बारिश में बच्चे भींगते हुए घर आए।
इसके अलावा जिले में हर जगह सड़कों पर पानी जम गया। शहर की स्थिति और खराब हो गई। कूड़ा—कचरा सड़क पर फैल गया। भोलानाथ पुल में बारिश और नाले का पानी जमा हो जाने से यह मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। इस मार्ग होने जाने से बाइक का पूरा चक्का पानी में डूब जाता है। साथ ही बौंसी रेल पुल, लोहापट्टी सहित शहर का प्रत्येक चौक—चौराहा बारिश की पानी भर गया। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि सड़क पर कहां गड्ढे हैं यह लोगों को दिख ही नहीं रहा था। पानी भर जाने के कारण सड़क के गड्ढे में बाइक जाने से चालक अपनी वाहन लेकर फिसल रहे हैं।