नशाखुरानी गिरोह के सदस्य ने पुलिस के सामने उगले कई राज, बताए... कैसे करता था लूट Bhagalpur News
गिरफ्तार विलास रविदास हमेशा जनरल कोच में सफर करने वाले और प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को टारगेट करता था। नशीली दवाइयां बरामद हुई है।
भागलपुर, जेएनएन। रेल पुलिस ने मंगलवार की रात जंक्शन के पोर्टिकों के पास यात्रियों को नशीली दवाइयां खिलाकर लूटने के फिराक में घूम रहे नशाखुरानी गिरोह के सदस्य को दबोचा। इसके पास से 61 टैबलेट बरामद किया। गिरफ्तार सदस्य पीरपैंती इलाके के अठनिया गांव का विलास रविदास है। पूछताछ के क्रम में उसने कई राज खोले हैं। विलास रविदास जिस गिरोह के साथ यात्रियों को लूटने का काम करता था। उसका नेटवर्क बिहार के अलावा झारखंड तक में है। पहले यह यात्रियों के साथ दोस्ती करता था। इसके बाद चाय, पानी और खान-पान के पदार्थ में एक से दो टैबलेट मिलाकर पिलाता था। टैबलेट का असर इतनी तेजी से होती है यात्री 10 से 15 मिनट में बेहोश हो जाता है।
टिकट लेकर जनरल कोच में करता था सफर
गिरफ्तार विलास रविदास हमेशा जनरल कोच में सफर करने वाले और प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को टारगेट करता था। रेल पुलिस के मुताबिक जो नशीली दवाइयां बरामद हुई है। वह चंद सेकंड में घुल जाता है। इससे पहले भी वह जेल जा चुका है। उसके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी चल रही है। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया। स्टेशन पर नशाखुरानी गिरोह की सक्रियता की सूचना जवानों को सादे लिबास में स्टेशन पर तैनात किया गया था। इस बीच विलास रविदास की गतिविधियों पर शक हुई और उसे गिरफ्तार किया गया।