SSP ऑफिस पहुंचकर साइको किलर ने कहा, मुझे गिरफ्तार कीजिए, जानिए क्या है मामला Bhagalpur News
एसएसपी ने कहा कि सौरभ के खिलाफ दो हफ्ते के भीतर चार्जशीट दाखिल कराया जाएगा। सौरभ ने कहा कि सहदेव साह उसकी नानी को बरगलाकर तोता साह लेन वाला मकान बेचवाना चाह रहा था।
भागलपुर [जेएनएन]। तोता साह लेन में रविवार को खंती से पीट-पीटकर सहदेव की हत्या करने के आरोपित साइको किलर सौरभ कुमार सिन्हा उर्फ बउआ ने नाटकीय ढंग से सरेंडर कर दिया। मंगलवार को वह एसएसपी ऑफिस के पास पहुंचा। उसने एक सिपाही से कार्यालय में मौजूद सिटी डीएसपी राजवंश सिंह को संदेशा भिजवाया। सिटी डीएसपी के आने पर उसने कहा कि ‘मेरा नाम आयुष उर्फ सौरभ कुमार सिन्हा है। सहदेव की हत्या मैंने की है। मुङो आत्मसमर्पण करना है।’ यह सुनते ही सिटी डीएसपी ने मोजाहिदपुर थाने को सूचित करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपित सौरभ साइको किलर है।
एसएसपी आशीष भारती ने कहा कि सौरभ के खिलाफ दो हफ्ते के भीतर चार्जशीट दाखिल कराया जाएगा। स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी के वीडियो फुटेज को विधिवत जब्त कर न्यायालय में सुबूत के तौर पर प्रस्तुत किया जाएगा। प्राइवेट मुंशी सहदेव सजौर के दरियापुर का रहने वाला था। तोता साह लेन में वह आरोपित के मकान में किराये पर रहता था।
सिटी डीएसपी से कहा मैंने की है हत्या, करना है आत्मसमर्पण
सौरभ की गिरफ्तारी नाटकीय ढंग से हुई है। सिटी डीएसपी राजवंश सिंह ऑफिस के काम से एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे। तभी एक सिपाही ने उन्हें आकर कहा कि आपको कोई ढूंढ रहा है। जब सिटी डीएसपी सौरभ के पास पहुंचे तो उसने अपना परिचय दिया। उसने कहा कि 'मेरा नाम आयुष उर्फ सौरभ कुमार सिन्हा है। सहदेव की हत्या मैंने की है। मुझे आत्मसमर्पण करना है।' यह सुनते ही सिटी डीएसपी ने मोजाहिदपुर थाने को सूचित करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
मकान बेचने का दबाव बना रहा था सहदेव
पुलिस की गिरफ्त में सौरभ ने कहा कि सहदेव साह उसकी नानी को बरगलाकर तोता साह लेन वाला मकान बेचवाना चाह रहा था। इस लेकर सहदेव साह के दामाद से भी उसी रात उसका विवाद हुआ था। उसने सहदेव पर और भी कई गंभीर आरोप लगाए। कहा कि घटना की रात इसी विवाद में सहदेव को घर से निकलने के लिए कहा। जब उसने विरोध किया तो हत्या कर दी। लोहे का खंती वहीं फेंक दिया।
रुपये हो गए खत्म इसलिए लौट आया भागलपुर
सौरभ ने बताया कि सहदेव की हत्या करने के बाद वह अपने घर हाउसिंग बोर्ड गया था। वहां से निकलने के बाद रात भर स्टेशन और इधर-उधर भटकता रहा। सोमवार की प्रात: अपने मौसी के घर बुढ़ानाथ गया। वहां जब उन्होंने रखने से इंकार किया तो भागकर बांका चला गया। दिन भर रहने और पास में रुपये खत्म होने के बाद मंगलवार को भागलपुर लौट आए। उसने कहा कि इसके पहले उसने सभी वरीय अधिकारियों को फोन कर इसकी जानकारी दी थी। पुलिस के मुताबिक जो भी बातें सौरभ ने कही है उसकी जांच हो रही है।
सीसीटीवी वीडियो फुटेज सजा दिलाने में बनेगा अहम सुबूत
सौरभ सिन्हा को सहदेव हत्याकांड में सीसीटीवी कैमरे का वीडियो फुटेज अहम सुबूत बनेगा। पुलिस ने उसे विधिवत रूप से जब्त कर न्यायालय में पेश करेगी। बता दें कि फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि सौरभ घर से सहदेव को खींचकर बाहर निकाल रहा है। उसके हाथ में लोहे का खंतीनुमा रॉड है। बाहर निकलाने के बाद वह सहदेव की बुरी तरह पिटाई करता है। इसके बाद पीटते पीटते उसकी हत्या कर देता है।