वाहो-वाहो गुरुनानक देव जी महाराज, राज करेगा खालसा..
गुरुनानक देव जी महाराज के 550वें प्रकाशोत्सव पर दूसरे दिन बुधवार को अखंड पाठ के बाद दोपहर में नगर कीर्तन और शोभायात्रा निकाली गई।
भागलपुर । गुरुनानक देव जी महाराज के 550वें प्रकाशोत्सव पर दूसरे दिन बुधवार को अखंड पाठ के बाद दोपहर में नगर कीर्तन और शोभायात्रा निकाली गई। नगर कीर्तन की अगुवाई पंज प्यारे कर रहे थे। पूरा शहर जो बोले सो निहाल, सतश्री अकाल.., वाहो-वाहो गुरुनानक देव जी महाराज, राज करेगा खालसा के जयकारों से गूंजता रहा। कीर्तन यात्रा में आगे-आगे महिलाएं सड़कों पर झाड़ू देती चल रही थीं। शोभायात्रा में बैंड पार्टी और ढोल पार्टी के साथ सिख श्रद्धालु और दूसरे समुदाय के लोग नगर भ्रमण में थे। नगर कीर्तन शोभायात्रा गुरुद्वारा परिसर से निकलकर भगत सिंह चौक, खलीफाबाग चौक, कोतवाली चौक, स्टेशन चौक, सूजागंज बाजार होते हुए गुरुद्वारा लौटी। भाई जनरैल सिंह के नेतृत्व पंजाब से आई गतका पार्टी शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण थी।
----------------
निशान साहिब का बदला गया वस्त्र
शोभायात्रा के बाद गुरुद्वारा परिसर में देर शाम निशान साहिब का वस्त्र (चोला) बदला गया। मीडिया प्रभारी हर्षित सिंह ने बताया कि शिरोमणि प्रबंधक कमेटी अमृतसर से आए भाई हरविंदर सिंह ने गुरुनानक देव जी महाराज की जीवनी पर चर्चा की। देर रात तक अखंड पाठ और अरदास का कार्यक्रम चला। कमेटी अध्यक्ष खेमचंद बचानी, सचिन सरदार त्रिलोचन सिंह, उपाध्यक्ष सरदार हरविंदर सिंह भंडारी, कोषाध्यक्ष हरचरण सिंह भंडारी, कमेटी सदस्य बलवीर सिंह बाबा, मनजीत सिंह छाबड़ा सक्रिय आयोजन में सक्रिय रहे।