किशगनंज के इस प्रखंड में बनेगा पावर ग्रिड, विधान पार्षद ने ऊजा मंत्री से की बात
किशगनंज के ठाकुरगंज के दौरे पहुंचे विधान पार्षद डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि उर्जा मंत्री से बात कर की गतिरोध दूर करने कार्य प्रारंभ करने की पहल। स्वास्थ्य मंत्री को आयुष्मान भारत योजना को मिल रही शिकायतों से कराया अवगत।
जागरण संवाददाता, किशनगंज। ठाकुरगंज के दौरे पहुंचे विधान पार्षद डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि मैं ठाकुरगंज नगर पंचायत सहित पूरे प्रखंड के चहुंमुखी विकास के लिए वचनबद्ध हूँ। ठाकुरगंज में बहुप्रतीक्षित सुपर पावर ग्रिड स्थापना का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा। जिला प्रशासन के द्वारा पावर ग्रिड के लिए जमीन चिन्हित कर लिया गया है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण कर ग्रिड का निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ कर दी जाएगी। जिससे ठाकुरगंज के उपभोक्ताओं को बिजली की समस्याओं का स्थायी समाधान निकल जाएगा। तीन वर्ष पूर्व पावर ग्रिड की स्वीकृति मिलने के बाद कार्य आरंभ नहीं होने के सवाल पर उन्होंने तत्काल दूरभाष पर उर्जा मंत्री विजेन्द्र यादव से बात की। उर्जा मंत्री ने उन्हें आश्वासन देते हुए कहा कि स्थल चयन का काम हो चुका है, जल्द ग्रिड निर्माण की प्रक्रिया आरंभ होगी।
रविवार को नगर पंचायत कार्यालय में पहुंचे विधान पार्षद ने नपं अध्यक्ष प्रमोद कुमार चौधरी से विभिन्न मुद्दों पर बात की। नगर पंचायत के द्वारा कराए गए व कराए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए डॉ दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि इस इलाके के विकास के लिए मैं प्रयासरत हूं। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभुकों को हो रही समस्या बताई। जिसमें बताया गया कि कार्ड होल्डर या संबंधित लाभुक और बीमारग्रस्त लोगों का आधार कार्ड रहने के बाद उनके अंगूठे का मैच नहीं होने पर योजना का लाभ उठाने में परेशानी हो रही है। जिसपर विधान पार्षद ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय से दूरभाष पर बात कर समस्याओं से अवगत कराया। स्वास्थ मंत्री ने आश्वास्त किया कि विभाग ओटीपी, आइरिश सिस्टम लागू करने जा रही है, जिससे लाभुकों की समस्याओं का समाधान निकल जाएगा।
इसी तहर ठाकुरगंज महानंदा पुल के दोहरीकरण का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने की बात कहते हुए कहा कि ठाकुरगंज-बहादुरगंज को जल्द अनुमंडल बनाने का प्रयास रहेगा। नगर क्षेत्र में विधान पार्षद फंड से कई योजनाओं के निर्माण के लिए राशि दी गई है। जिसका उपयोग जनपयोगी कार्यो में होना चाहिए। इससे पूर्व नगर व प्रखंड ईकाई के भाजपा कार्यकर्ताओं ने ठाकुरगंज थाना चौक पर उनका स्वागत किया। इस मौके पूर्व नपं अध्यक्ष देवकी अग्रवाल, ठाकुरगंज जनकल्याण मंच के अध्यक्ष सिकंदर पटेल, पूर्व नपं उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिन्हा, भाजपा के नगर अध्यक्ष गौरव गुप्ता, संजय पोद्दार, मो. अनवर, जनश्रुति कुमार आदि मौजूद रहे।