रसलपुर में पूर्व और वर्तमान मुखिया सर्मथकों के बीच गोलीबारी, पंचायत चुनाव से ही अदावत Bhagalpur News
वर्तमान और पूर्व मुखिया के बीच पंचायत चुनाव के बाद से ही अदावत चल रही है। पूर्व मुखिया के एक संबंधी बढकु पटेल की हत्या 18 अक्टूबर 2018 को घर पर ही गोली मारकर कर दी गई थी।
भागलपुर, जेएनएन। रसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एकचारी पंचायत के रसलपुर गांव में पूर्व और वर्तमान मुखिया के समर्थकों के बीच गोलीबारी हो गई। इससे पूरा गांव दहल उठा। घटना को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने पूर्व मुखिया का घर घेर लिया। पुलिस द्वारा मुखिया को वहां से निकाल कर थाना लाया गया। घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया गया है। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल है। दोनों पक्ष एक दूसरे पर गोली चलाने का आरोप लगा रहे हैं। थानाध्यक्ष ने कहा कि दोनों पक्ष ने एक दूसरे के खिलाफ आवेदन दिया है। घटना की छानबीन की जा रही है।
क्या है मामला
गांव में वर्तमान मुखिया के द्वारा नाला निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। इसको लेकर सड़क पर निर्माण सामग्री के साथ-साथ ट्रैक्टर और जेसीबी खड़ी थी, इस कारण सड़क संकरी हो गई है। इसी बीच उस होकर पूर्व मुखिया शिवदानी पटेल अपनी स्कॉर्पियो से घर जा रहे थे। उन्होंने सड़क से निर्माण सामग्री हटाने को कहा। इस पर विवाद हो गया। पूर्व मुखिया के समर्थकों ने नाला निर्माण करा रहे पप्पू मंडल और प्रमोद कुमार मंडल को पीट दिया। इसी बीच अचानक गोलियां चलने लगी, करीब आधा दर्जन राउंड गोलियां चलीं। इस पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। यह देख पूर्व मुखिया अपने समर्थकों के साथ भाग निकले। आक्रोशित ग्रामीणों ने पूर्व मुखिया का घर घेर लिया। सूचना मिलते ही रसलपुर, कहलगांव, सनोखर, अमडंडा थाने की पुलिस के अलावा एसडीपीओ रेशू कृष्णा और इंस्पेक्टर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर पूर्व मुखिया को हिरासत में ले लिया गया।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर दर्ज कराया मामला
वर्तमान मुखिया के पुत्र प्रमोद कुमार ने कहा कि मेरी हत्या के लिए गोलीबारी की जा रही थी, घर से भागकर अपनी जान बचाई। घायल पप्पू मंडल एवं प्रमोद कुमार मंडल ने पूर्व मुखिया शिवदानी पटेल के अलावा विनय मंडल, ब्रजेश मंडल, सौरभ सुमन, टुनका मंडल एवं ललन पासवान के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इनपर रंगदारी मांगने, मारपीट करने, जान मारने की नीयत से गोलीबारी करने और 50 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया है। वहीं पूर्व मुखिया शिवदानी पटेल ने प्रमोद मंडल, शेखर मंडल, विक्रांत, दिलीप, दिल्लो सहित 25 नामजद पर जान मारने की नीयत से गोलीबारी करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है।
पंचायत चुनाव के बाद से ही चल रही अदावत
वर्तमान और पूर्व मुखिया के बीच पंचायत चुनाव के बाद से ही अदावत चल रही है। पूर्व मुखिया के एक संबंधी बढकु पटेल की हत्या 18 अक्टूबर 2018 को घर पर ही गोली मारकर कर दी गई थी।