दलालों के हाथ बेची गई महिला को यूपी से लेकर आई पुलिस Bhagalpur News
मानव तस्करी में गिरफ्तार ओमवती देवी और मीरा देवी ने अपराध स्वीकार किया है। मीरा देवी ने बताया कि उसके इलाके में लड़कियों की संख्या काफी कम है।
भागलपुर, जेएनएन। दलालों के हाथ बेची गई बबरगंज की महिला, ढाई साल की बच्ची और मानव तस्करी के आरोप में गिरफ्तार महिला को उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के अंबेडकरनगर से लेकर पुलिस भागलपुर पहुंची।
महिला ने पुलिस को बताया कि बीस दिन पूर्व उसकी सौतेली मां ओमवती देवी बहला-फुसलाकर उसे अपने साथ लेकर उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिला के दक्षिण कोतवाली थाना अंतर्गत हूमायुंपुर लेकर चली गई। यह कहकर अपने साथ फिरोजाबाद लेकर गई कि एक सप्ताह में उसे भागलपुर पहुंचा देगी। वहां ले जाने के बाद सौतेली मां और सौतेला भाई मनोज ने उसे 50 हजार रुपये में बेच दिया और मीरा देवी के 18 वर्षीय पुत्र सुभाष से शादी करने का दबाव देने लगे। शादी करने से इन्कार करने पर सौतेला भाई व सौतेली मां मारपीट करते थे। मां-बेटी को कमरे में बंद कर रखते थे। भागलपुर जाने की बात करने पर जान से मारने की धमकी देते थे। पुलिस को उसने यह भी बताया कि ओमवती देवी और उसके बेटे का दूसरी जगहों से महिला को ले जाकर बेचने का धंधा है। उससे पहले तीन-चार और महिलाओं का सौदा कर चुकी थी। दो बच्चे की मां को भी बेच दिया था। शादी से इन्कार करने पर उसके साथ भी मारपीट किया करता था। पति के पहुंचने पर महिला उनलोगों के चंगुल से मुक्त हुई। पीडि़ता ने बताया कि छह दिन की थी तभी उसकी मां का स्वर्गवास हो गया था। मां के मरने के बाद पिता ने दूसरी शादी ओमवती देवी से कर ली थी। ओमवती देवी का मायका बरारी थाना क्षेत्र में है। शादी के चार-पांच साल बाद ओमवती देवी फिरोजाबाद चली गई।
इधर, मानव तस्करी में गिरफ्तार ओमवती देवी और मीरा देवी ने अपराध स्वीकार किया है। मीरा देवी ने बताया कि उसके इलाके में लड़कियों की संख्या काफी कम है। इसके कारण शादी कराने बिहार व अन्य प्रदेशों से लड़कियां ले जाकर बेची जाती हैं। अपने पुत्र सुभाष से शादी के लिए ओमवती देवी व उसके पुत्र मनोज ने 50 हजार रुपये नकद दिए थे।
सिटी डीएसपी राजवंश सिंह ने बताया कि पीडि़ता का 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा। ओमवती देवी व मीरा देवी को रविवार तक ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है। मनोज के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। पीडि़ता की सास के बयान पर बबरगंज ओपी में दर्ज केस में कहा था कि मेरी बहू व ढाई साल की पोती को उसकी सौतेली मां ने कहीं बेच दिया है।