PM सूर्य घर योजना : बिजली मीटर रिचार्ज के झंझट से मिलेगी मुक्ति! सोलर लगाने के लिए बैंकों से मिलेगा सस्ता लोन
PM Surya Ghar Yojana: भागलपुर के सन्हौला में 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के तहत एक भव्य सौर मेले ...और पढ़ें

PM Surya Ghar Yojana: भागलपुर में सौर मेला का आयोजन, छत पर सोलर लगाने पर केंद्र व बिहार सरकार देगी 50% अनुदान; दर्जनों रजिस्ट्रेशन
HighLights
सन्हौला में पीएम सूर्य घर योजना के तहत सौर मेला आयोजित।
रूफटॉप सोलर पर 50% सब्सिडी और आसान बैंक ऋण उपलब्ध।
बिजली बिल से मुक्ति, मुफ्त रखरखाव, ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा।
संवाद सूत्र, सन्हौला (भागलपुर)। PM Surya Ghar Yojana: बार-बार बिजली मीटर रिचार्ज कराने और भारी-भरकम बिजली बिल के झंझट से उपभोक्ताओं को स्थायी मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से गुरुवार को सन्हौला प्रखंड परिसर स्थित सिल्क प्रशिक्षण भवन में 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के अंतर्गत एक दिवसीय भव्य सौर मेले का आयोजन किया गया।
दक्षिण बिहार विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) भागलपुर (पूर्वी) के तत्वावधान में आयोजित इस मेले का मुख्य मकसद ग्रामीण व अर्ध-शहरी उपभोक्ताओं को रूफटॉप सौर ऊर्जा अपनाने और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था।
सौर मेले का विधिवत उद्घाटन विद्युत कार्यपालक अभियंता (पूर्वी भागलपुर) प्रभात कुमार रंजन, सन्हौला के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कन्हैया कुमार, अंचलाधिकारी (सीओ) रजनीशचंद्र राय और विद्युत सहायक अभियंता दीपक कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
दक्षिण बिहार विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (भागलपुर पूर्वी) की पहल पर सन्हौला सिल्क प्रशिक्षण भवन में सौर मेला आयोजित
कार्यपालक अभियंता प्रभात कुमार रंजन, बीडीओ कन्हैया कुमार और सीओ रजनीशचंद्र राय ने संयुक्त रूप से किया उद्घाटन
छत पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाने पर केंद्र व राज्य सरकार मिलकर देगी 50 प्रतिशत तक अनुदान, रखरखाव भी करेगी एजेंसी
पैसे की तंगी वाले उपभोक्ताओं को बैंक से दिलाया जाएगा सुलभ ऋण; दर्जनों उपभोक्ताओं ने मौके पर ही कराया पंजीयन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यपालक अभियंता प्रभात कुमार रंजन ने योजना की बारीकियों को समझाते हुए कहा कि केंद्र सरकार और बिहार सरकार दोनों मिलकर इस योजना पर 50 प्रतिशत तक का भारी अनुदान (सब्सिडी) दे रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को उपकरण और गुणवत्ता को लेकर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जो एजेंसी सोलर उपकरण लगाएगी, वही तय समयावधि तक उसका निःशुल्क संधारण और नियमित रखरखाव भी सुनिश्चित करेगी।
आर्थिक तंगी में बैंक देंगे ऋण, रिचार्ज के झंझट से मिलेगी मुक्ति
कार्यपालक अभियंता ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए बताया कि यदि किसी उपभोक्ता के पास सोलर पैनल लगवाने के लिए एकमुश्त पूंजी का अभाव है, तो विभाग द्वारा संबंधित बैंकों से आसान किस्तों पर रियायती दर पर ऋण (बैंक लोन) की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
मेले में मौजूद प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा से जुड़ने के बाद बिजली बिल की बचत होगी और उपभोक्ताओं को हर महीने मीटर रिचार्ज कराने के तनाव से मुक्ति मिलेगी। सौर ऊर्जा का उत्पादन बढ़ने से परिवार की जेब पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ खत्म होगा और वे आत्मनिर्भर बनेंगे।
स्टॉलों पर उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़, मौके पर हुआ निबंधन
मेले में विभिन्न सौर ऊर्जा एजेंसियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। तकनीकी कर्मियों और एजेंसी प्रतिनिधियों ने उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन की आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक कागजात और सिस्टम की क्षमता के बारे में विस्तार से समझाया। इस दौरान दर्जनों उपभोक्ताओं ने मौके पर ही आवश्यक दस्तावेज जमा कर योजना के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया।
इस अवसर पर कनीय अभियंता आनंद कुमार, कनीय अभियंता सुमन कुमार, सन्हौला तकनीकी (वन) अमरजीत कुमार, कार्यपालक सहायक सोनू कुमार, मो. मुश्ताक, मो. सद्दाम, मो. जुनैद, अमित कुमार, मुकेश कुमार सहित बिजली विभाग के दर्जनों कर्मचारी, लाइनमैन और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण व बिजली उपभोक्ता उपस्थित रहे।
