नेपाल में भारी बारिश से सीमांचल के लोग परेशान, नदियां उफान पर, इन गांवों में बाढ़ की स्थिति
बकरा नदी में आये उफान से नदी का पानी छपनियां भट्टाबाड़ी धर्मगंज जरियाखड़ी सोहदी बेलगच्छी कोढ़ैली पश्चिम पार बकेनियां पासवान टोला सहित करीब एक दर्जन से अधिक गांवों में फैला हुआ है। इसके अलावा कई अन्य गांवों पर भी खतरा बना हुआ है।
अररिया, जेएनएन। नेपाल सहित प्रखंड क्षेत्र में बीते चार- पांच दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से क्षेत्र से होकर बहने वाली बकरा व रतवा नदी के जलस्तर में वृद्धि से शनिवार को भी बाढ़ की स्थिति यथावत बनी हुई है। ग्रामीण इलाकों में सड़कों पर पानी बह रहा है। जिस कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है।
बारिश थमने के बाद नदियों के जलस्तर में थोड़ी कमी अवश्य होती है, लेकिन बारिश होते ही जल स्तर में वृद्धि हो जाती है। खासकर प्रखंड क्षेत्र से होकर बहने वाली बकरा नदी में आये उफान से नदी का पानी छपनियां, भट्टाबाड़ी, धर्मगंज, जरियाखड़ी, सोहदी, बेलगच्छी, कोढ़ैली पश्चिम पार, बकेनियां पासवान टोला, सहित करीब एक दर्जन से अधिक गांवों में फैला हुआ है। साथ ही विभिन्न ग्रामीण सड़कों के आरपार पानी बहने से यातायात प्रभावित हो रहा है। धान की फसलें बीते चार दिनों से बाढ़ के कारण डूबी हुई है। धान की फसल को लेकर किसानों में मायूसी है। बीते चार दिनों से बाढ़ की विभीषिका झेल रहे लोगों भोजन-पानी के अलावे मवेशियों के लिए चारा की व्यवस्था विकट समस्या बन गई है। इस संबंध में पंसस प्रतिनिधि विनोद ऋषिदेव, विश्वजीत शाही, राजकुमार यादव आदि ने बताया कि बीते चार दिनों से बाढ़ के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, ङ्क्षकतु स्थानीय प्रशासन द्वारा अब तक किसी प्रकार के राहत की व्यवस्था नहीं की गयी है। उन्होंने प्रशासन से अविलम्ब बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए उचित राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं दूसरी ओर सोहंदर के मुखिया राजनारायण यादव, शशिभूषण ङ्क्षसह ने बताया कि रतवा नदी में आये उफान से नदी का पानी प्रखंड के करीब आधा दर्जन गांवों के निचले इलाकों में फैल गया है। जिसमें बुद्धि, काशीबाड़ी, गोसांईपुर, सोहंदर सहित अन्य गांव शामिल हैं। इस मामले में सीओ विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।