जगदीशपुर से कुरसैला तक महाजाम, स्थाई बाइपास और विक्रमशिला सेतु पर पैदल चलना भी दूभर Bhagalpur News
बुधवार से शुरू हुआ जाम अब तक समाप्त नहीं हुआ है। छठ में गंगा स्नान के लिए आए लोगों और उनके वाहनों से भी जाम लग गया। भागलपुर हंसडीहा मार्ग में वाहनों की लंबी कतार लग गई।
भागलपुर [जेएनएन]। जगदीशपुर से कुरसैला तक गुरुवार को जाम लगा रहा। इसका असर शहर पर भी पड़ा। शहर में भी लोग दिन भर जाम से जूझते रहे। छह पूजा को लेकर गंगा स्नान करने के लिए आसपास के जिले से काफी संख्या में श्रद्धालु गुरुवार को पहुंचे थे। इससे विक्रमशिला सेतु पर 30-35 हजार अतिरिक्त वाहनों के दवाब बढ़ गया था। लोगों की भीड़ को देखते हुए सेतु पर बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई थी। इसके कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं, आगे निकलने की होड़ में ओवरटेक के कारण सेतु पर गाडिय़ों की चार लाइनें लग गईं। जाम सुबह छह बजे लगा था। यही हाल बुधवार को भी था।
डीएसपी ट्रैफिक आरके झा के निर्देश पर पुलिस हरकत में आई इसके बाद 11 बजे जाम हटाने पुलिस पहुंची, लेकिन वाहनों के कुछ दूर आगे बढ़ते ही फिर जाम लग जा रहा था। एक किलोमीटर की दूरी तय करने में चार से पांच घंटे लग रहे थे। जाम की वजह से कुछ लोग दस किलोमीटर पैदल चलकर भागलपुर पहुंचे। इस दौरान चार-पांच एंबुलेंस भी फंसी रहीं। मरीज छटपटाते रहे।
शहर की मुख्य सड़कों पर रहा जाम
सेतु के जाम का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा। घंटाघर से पटलबाबू रोड, कचहरी चौक से भोलानाथ पुल, डिक्शन रोड, एमपी द्विवेदी रोड, स्टेशन रोड समेत शहर की मुख्य सड़कों पर दिनभर जाम लगा रहा।
भागलपुर हंसडीहा रोड पर भी जाम
बुधवार से लगातार गुरुवार दोपहर तक भागलपुर हंसडीहा मार्ग पर जाम लगा रहा था। जगदीशपुर, बैजानी, खीरीबांध, बाइपास, अलीगंज में मार्ग पूरी तरह वाहनों से भरा था। बाइक पार करना भी लोगों को मुश्किल हो रहा था।
दूसरे जिले को जाने वाली बसें जाम में फंसी रहीं
जाम के कारण खगडिय़ा, बेगुसराय, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार समेत कई जगहों को जाने वाली बसें सेतु से लेकर पहुंच पथ पर घंटों फंसी रहीं। कुछ बसें जाम के कारण स्टैंड में ही घंटों खड़ी रहीं। वहीं, जान जोखिम में डाल कर कुछ युवक सेतु के फुटपाथ पर दोपहिया वाहन चला रहे थे। जाम में फंसे लोग भूखे-प्यास से छटपटा रहे थे।
छठ को लेकर दूसरे जिले से भी बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। इससे सेतु पर 30-35 हजार अतिरिक्त वाहनों का दवाब बढ़ गया, जिससे जाम लग गया। वहीं, शहर में प्रतिमा विसर्जन की वजह से जाम लग गया। जाम हटाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई है। -आरके झा, डीएसपी (ट्रैफिक), भागलपुर