विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नाव से पप्पू यादव पहुंचे भागलपुर, उठाया सवाल- विक्रमशिला पुल जर्जर होने की सूचना के बावजूद मरम्मत क्यों नहीं हुई?

Published: Thu, 14 May 2026 02:26 PM (IST)

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव नाव से भागलपुर पहुंचे और विक्रमशिला पुल के आंशिक रूप से टूटने के बाद सरकार ...और पढ़ें

HighLights

  1. पप्पू यादव नाव से भागलपुर पहुंचे, पुल टूटने पर सरकार को घेरा।

  2. विक्रमशिला पुल की जर्जर स्थिति पर पहले भी दी गई थी जानकारी।

  3. जनता और व्यापारियों को हो रही परेशानी, मुफ्त नाव की मांग।

डिजिटल डेस्क, भागलपुर। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव बुधवार को नवगछिया की तरफ से भागलपुर पहुंचे। विक्रमशिला पुल का कुछ हिस्सा हाल ही में गंगा में टूटकर गिर गया था, जिसके कारण पुल से यातायात पूरी तरह बंद हो गया है। पप्पू यादव ने जहाज की सवारी कर भागलपुर पहुंचे और पत्रकारों से बातचीत में सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्या सरकार के पास इतने पैसे नहीं हैं कि सभी नाव और जहाज फ्री किए जाएं। यह स्थिति सरकार की नाकामी को दर्शाती है।

पुल की जर्जर स्थिति पर निशाना

सांसद ने बताया कि विक्रमशिला पुल पहले से जर्जर था और इसकी जानकारी लगातार दी जा रही थी। उन्होंने कई बार लोकसभा में पुल की स्थिति पर प्रश्न उठाए, लेकिन सरकार ने समय रहते मरम्मत नहीं करवाई। पप्पू यादव ने कहा कि बिहार में लगातार पुल टूटकर गिर रहे हैं और हर दिन कहीं न कहीं से ऐसी सूचना मिलती है।

जनता और व्यापार पर असर

पप्पू यादव ने कहा कि चुनाव में करोड़ों रूपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन जनता की परेशानी पर ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने बताया कि एक नाव वाले एक बच्चे से सौ रुपये वसूलते हैं, जबकि शाम 5 बजे के बाद नाव का परिचालन बंद हो जाता है। होटल वाले यात्रियों से हजार रुपये वसूल रहे हैं। इस कारण दूध व्यापारियों को समस्या हो रही है; दूध फट रहा है और सब्जियां समय पर नहीं पहुंच पा रही हैं। नावों के माफिया तीन सौ रुपये वसूल रहे हैं, जिससे लोगों को भारी दिक्कत हो रही है।

सरकार और पुल निर्माण कंपनी पर आरोप

सांसद ने कहा कि देश का खजाना उद्योगपतियों के हवाले कर दिया गया है। उन्होंने पुल निर्माण करने वाली कंपनियों और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पप्पू यादव ने कहा कि कम से कम दोनों घाट पर 10 स्टीमर फ्री चलाए जाएं। उन्होंने बताया कि पुल टूटने के एक सप्ताह बाद भी मरम्मत शुरू नहीं हुई थी और सरकार को आर्मी को जिम्मेदारी देनी चाहिए थी।

अंतरिम राहत और कार्यकर्ता मौजूद

पप्पू यादव ने कहा कि फिलहाल वे पांच नाव फ्री संचालन के लिए लगा रहे हैं। इस दौरान उनके साथ सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे। सांसद ने प्रशासन और पुल निर्माण कंपनी पर गुस्सा जताया और कहा कि 15 दिन में पुल की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला तत्काल सुधार और जिम्मेदारों पर कार्रवाई का हकदार है।