NDA नेताओं ने कहा, बस दस जिलों की भीड़ ने दिखा दी हकीकत
भागलपुर के हवाई अड्डा मैदान में परिवर्तन रैली में उमड़े जनसैलाब से राजग नेताओं का उत्साह चरम पर है। भीड़ के जोश के बीच नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर जमकर निशाना साधा।
पटना। भागलपुर के हवाई अड्डा मैदान में परिवर्तन रैली में उमड़े जनसैलाब से राजग नेताओं का उत्साह चरम पर रहा। भीड़ के जोश के बीच नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर जमकर निशाना साधा।
पिछले दिनों हुई स्वाभिमान रैली को परिवर्तन रैली के आगे फेल बताते हुए राजग नेताओं ने दावा किया कि गांधी मैदान से करीब दोगुनी भीड़ ने महागठबंधन को असलियत से रूबरू करा दिया।
रैली को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा, अभी तक चार परिवर्तन रैलियां हुई हैं। भागलपुर की रैली ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। ये केवल दस जिलों की रैली थी , जिसने हकीकत दिखा दी। लालू, नीतीश व सोनिया ने तो पूरा बिहार जुटाया था, लेकिन यहां की आधी भीड़ भी गांधी मैदान नहीं पहुंच सकी।
पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा, 45 साल कांग्रेस, 25 साल लालू-नीतीश को मौका दिया तो अब भाजपा को भी मौका दीजिए। विशेष पैकेज पर नीतीश को जवाब देते हुए कहा, अगर उनमें हिम्मत है तो एक लाख 25 हजार करोड़ वापस करके दिखाए, जैसे गुजरात से मिले पांच करोड़ रुपये वापस कर दिए थे।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी भी पूरे रौ में दिखे। रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, भागलपुर में आपने सभी रैलियों को मात दे दी है। हम भी चाहते हैं बिहार में परिवर्तन हो। प्रधानमंत्री ने सवा लाख करोड़ रुपये का पैकेज दिया। 40 हजार करोड़ रुपये और भी हैं। अगर भाजपा की सरकार नहीं आई तो नीतीश सरकार इन पैसों का दुरुपयोग करेगी।
मांझी ने कहा, नीतीश अहंकार में डूबे हैं। बिहार के साथ छल किया है। 2010 में भाजपा के साथ सरकार बनाने का अवसर दिया, लेकिन प्रधानमंत्री बनने के लिए भाजपा का साथ तोड़ दिया। तब से ही बिहार में जंगलराज आ गया है। कहा, गरीबों और पिछड़ों को तोड़ने का काम किया था। इसीलिए अपने मंत्रीमंडल में इनको शामिल किया था।
लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान ने कहा, चुनाव का बिगुल बज चुका है। स्वाभिमान रैली जो हुई, उससे तीन गुनी भीड़ यहां है। नीतीश सत्ता के लिए आज उनसे हाथ मिला चुके हैं, जिनको कभी जंगलराज के नाम पर कोसते हुए थकते नहीं थे। रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा ऐसे लोगों को सत्ता में आने से रोकना होगा, तभी बिहार का विकास हो सकेगा।