विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दूर बैठे भाइयों तक ऑनलाइन पहुंच रही प्यार की डोर, बहनों के साथ पतियों को भी राहत

Published: Mon, 24 Aug 2026 08:52 PM (GMT+05:30)

ऑनलाइन राखी ने दूर बैठे भाई-बहनों के लिए रक्षाबंधन को आसान बना दिया है, जिससे बहनें घर बैठे अपनी पसंद ...और पढ़ें

दूर बैठे भाइयों तक ऑनलाइन पहुंच रही प्यार की डोर, बहनों के साथ पतियों को भी राहत (AI Generated Image)

दूर बैठे भाइयों तक ऑनलाइन पहुंच रही प्यार की डोर, बहनों के साथ पतियों को भी राहत (AI Generated Image)

HighLights

  1. दूर बैठे भाइयों को ऑनलाइन राखी भेजना हुआ आसान।

  2. बहनें घर बैठे चुन रहीं राखी, बाजार जाने से बचीं।

  3. स्थानीय राखी बाजार प्रभावित, ऑनलाइन बिक्री में वृद्धि।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। राखी के धागे में भाई-बहन के प्यार के साथ इस बार ऑनलाइन बाजार ने दूर रहने वाले भाई-बहनों की राह भी आसान कर दी है। बहनें घर बैठे विभिन्न ऑनलाइन साइटों और बिल्किट के माध्यम से अपनी पसंद की राखी खरीदकर दूसरे शहरों में रह रहे भाइयों को भेज रही हैं। इससे बहनों को बाजार जाने की परेशानी से राहत मिली है।

वहीं, पतियों को भी बाजार से राखी खरीदने की जिम्मेदारी से राहत मिल रही है। ऑनलाइन पसंद की राखी चुनकर सीधे भाई या मायके के पते पर भेजी जा रही है। रक्षा बंधन 28 अगस्त को है।

तिलकामांझी की स्वाति ने हैदराबाद में रहने वाले अपने भाई के लिए ऑनलाइन राखी भेजी है। उन्होंने बताया कि भाई मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते हैं। छुट्टी नहीं मिलने के कारण वह राखी पर घर नहीं आ पाएंगे। ऐसे में ऑनलाइन राखी भेज दी है। राखी के साथ रोली-चंदन भी भेजा गया है।

मुंदीचक की सुनीता ने नागपुर में रह रहे भाई के लिए राखी भेजी है। अहमदाबाद में रहने वाली रश्मि ने तिलकामांझी में रहने वाले भाई को ऑनलाइन राखी भेजी, जो उसे मिल भी गई।

बाजार में बिक्री कम, ऑनलाइन ऑर्डर बढ़े

ऑनलाइन सुविधा के कारण शहर के राखी बाजार भी प्रभावित हुआ है। दही टोला लेन, स्टेशन चौक, वेरायटी चौक और खलीफाबाग चौक समेत प्रमुख बाजारों में राखी की दुकानें सजी हैं, लेकिन कई बहनें घर बैठे ही खरीदारी कर रही हैं। ऑनलाइन बाजार में सस्ती से लेकर डिजाइनर राखियां उपलब्ध हैं।

दही टोला लेन स्थित राखी विक्रेता रवि मित्तल ने बताया कि बाजार में 8 से 10 हजार रुपये तक की डिजाइनर राखियां हैं। बच्चों के लिए म्यूजिक घड़ी, मोटू-पतलू, लड्डू गोपाल, फाइटर जेट, फायरमैन और ब्रेसलेट लुक वाली राखियां पसंद की जा रही हैं।

पहली बार बांस की ईको-फ्रेंडली थाली में रोली-चंदन के साथ राखी भी उपलब्ध है। इसकी कीमत 50 से 70 रुपये है।