हर रविवार को निकलते हैं पौधों वाले डॉक्टर साहब
चिकित्सक डॉ. अभिनंदन प्रसाद पर्यावरण संरक्षण को लेकर अनूठी मुहिम चला रहे हैं।
कटिहार(आलोक मेहता)। झिकटिया गांव निवासी बुजुर्ग चिकित्सक डॉ. अभिनंदन प्रसाद पर्यावरण संरक्षण को लेकर अनूठी मुहिम चला रहे हैं। वे हर रविवार को पौधरोपण करते हैं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करते हैं। 64 वर्ष की उम्र में भी उनका यह जज्बा बरकरार है।
डॉ. अभिनंदन मानते हैं कि अभी पर्यावरण का काफी बुरा हाल है। अगर लोग इसके संरक्षण के प्रति सचेत नहीं हुए तो भविष्य में इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। इसके लिए हर किसी को प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि आने वाली पीढि़यों के लिए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का बीड़ा उठाया है। वे अपनी 18 माह की मुहिम के दौरान एक हजार से अधिक पौधे लगा चुके हैं। लोग उन्हें पौधे वाले डॉक्टर साहब के नाम से पुकारने लगे हैं। उनकी पहल पर कई ग्रामीणों में भी जागरूकता आई है। डॉ. अभिनंदन लोगों को बताते हैं कि बाढ़, वज्रपात व भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने में पेड़ों की अहम भूमिका हो सकती है। जनसंख्या बढ़ोतरी के प्रति भी वे लोगों को जागरूक करते हैं। डॉ. अभिनंदन अपने यहां पहुंचने वाले मरीजों को भी पौधरोपण के प्रति प्रेरित करते हैं। यहां तक कि अपने पास आने वाले दवा कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी वे पौधरोपण की महत्ता बताते हैं। पौधरोपण के लिए इच्छुक लोगों को वे पौधे भी उपलब्ध कराते हैं। लगाए गए पौधों की देखरेख भी उनकी दिनचर्या में शामिल है।