अब प्रतिमा विसर्जन या जुलूस में नहीं कटेगी बिजली, कुछ इस तरह बनी व्यवस्था Bhagalpur News
शोभायात्रा मार्ग व जुलूस वाले मार्गों में एरियल बंच केबल लगाए जाएंगे। इस तार के स्पर्श होने पर भी करंट या आग लगने का खतरा नहीं रहता है। एरियल बंच केबल सख्त रबर से लिपटा होता है।
भागलपुर, जेएनएन। जिले में विसर्जन शोभायात्रा के दौरान अब बिजली नहीं काटी जाएगी। हर साल ऐसे मौके पर आठ से दस घंटे और कभी-कभी 24 घंटे तक बिजली काटे जाने से लोग परेशान रहते हैं। बिजली विभाग ने इस समस्या से निजात दिलाने के लिए कवायद शुरू कर दी है।
शोभायात्रा मार्ग और जुलूस वाले मार्गों में एरियल बंच केबल लगाए जाएंगे। इस तार के स्पर्श होने पर भी करंट या आग लगने का खतरा नहीं रहता है। एरियल बंच केबल पूरी तरह सख्त रबर से लिपटा होता है। एरियल बंच केबल लगाने का काम अगले माह से शुरू हो जाएगी।
भूमिगत तार दौड़ाने की कवायद शुरू
33 हजार केबी के बिजली के तार को भूमिगत दौड़ाने की दिशा में कार्य आरंभ है। जल्द ही इसे पूरा करा लिया जाएगा। इसके लिए रबर पाइप भूमिगत किया जा रहा है।
विसर्जन या जुलूस के दौरान शहरी क्षेत्र के लोगों को हर साल परेशानी से जूझना पड़ता है। तेज आंधी में भी आपूर्ति बाधित हो जाती है। अब ऐसा नहीं होगा। जल्द ही 33 केबी के तार भूमिगत होंगे। विसर्जन और जुलूस मार्ग पर एरियल बंच केबल लगाए जाएंगे। - संजीव कुमार गुप्ता, कार्यपालक विद्युत अभियंता, भागलपुर