धान, गेहूं व आलू के साथ अब मछली एवं गो-पालन में भी किसानों को पुरस्कार, इस तरह करें आवेदन
किसानों को इस बार भी सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए आवेदन लिया जा रहा है। इस बारधान गेहूं व आलू के साथ अब मछली एवं गो-पालन में भी किसानों को पुरस्कार दिया जाएगा। सभी के लिए अलग अलग मापदंड तय किए गए हैं।
कटिहार [प्रदीप गुप्ता]।किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए शुरु की गई किसान सम्मान योजना में अब धान, गेहूं व आलू के साथ-साथ गो व मछली पालन को भी शामिल कर लिया गया है। अब इन पांचों कोटि में बेहतर करने वाले किसान सम्मानित होंगे। कृषि व उससे संबंधित क्षेत्र में नई तकनीक व नई विधि को अपनाकर खेती करने वाले किसान को यह सम्मान दिया जाएगा। इसके पीछे सरकार का उद्देश्य किसानों को नवाचार की तरफ अग्रसर करना है ताकि वे परंपरागत खेती को छोड$कर आधुनिक खेती की ओर अपना रूख कर सके। इससे उत्पादन बढऩे के साथ ही उनकी आमदनी में भी बढ़ोतरी होगी। इसमें हर कोटि में पहले प्रखंड स्तर पर एक-एक किसान का चयन होगा, फिर जिला स्तर पर। जिला स्तर पर चयनित किसान को राज्य स्तर के प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा।
आत्मा द्वारा किया जाएगा पुरस्कृत
यह पुरस्कार आत्मा द्वारा किसानों को दिए जाएंगे। नेशनल मिशन आफ एग्रीकल्चर एक्स्टेंशन एंड रिफाम्र्स योजना का क्रियान्वयन देश भर में किया जा रहा है। इसके लिए किसानों को विभिन्न स्तरों पर पुरस्कृत किया जाता है। जिले मे पांच योजना के तहत किसानों का चयन करना है। ऐसे किसान जो धान, गेहूं, आलू, मछली पालन व गो पालन में
बेहतर कर रहे हैं।
किन स्तरों पर किया जाएगा पुरस्कृत
यह पुरस्कार तीन तीन स्तरों पर दिया जाएगा। इसी के अनुसार किसान इस पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसमें प्रखंड ,जिला व राज्य स्तर पर पुरस्कार दिया जाना है। सभी 16 प्रखंड स्तर पर सभी क्षेत्र में बेहतर उत्पादन करने वाले किसानों का चयन होना है। इन किसानों में से बेहतर को जिला स्तर पर तथा जिलास्तर पर चयनित किसान को राज्य स्तर पर इस प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा।
कब तक करना है आवेदन
खरीफ में धान के लिए तीस नवंबर , रबी में गेहू के लिए 25 दिसंबर , गो पालन में 20 दिसंबर, आलू के लिए 25 दिसंबर तथा मत्स्य पालन के लिए 15 फरवरी से 15 मार्च तक आवेदन किया जा सकता है। बता दें कि मछली पालन व गो पालन से भी यहां काफी संख्या में लोगों की जीविका जुड़ी हुई है।
कितना मिलेगा पुरस्कार
रखंड स्तर पर किसान श्री पुरस्कार के तहत दस हजार रूपये, जिला स्तर पर किसान गौरव पुरस्कार के तहत 25 हजार रूपये व राज्य स्तर पर किसान श्रेष्ठ पुरस्कार के 50 हजार रुपये किसान को दिए जाएंगे।
पंजीकृत किसान ही कर सकते हैं आवेदन
इस पुरस्कार के लिए किसान को अपना पंजीकरण कराना जरूरी है। पंजीकृत किसान ही इस योजना के तहत पुरस्कार प्राप्त करने के अधिकारी होंगे।
पुरस्कार को लेकर चयन समिति का हुआ गठन
पुरस्कार को लेकर प्रखंड मे चयन समिति का गठन किया गया है। इसमें प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी, उद्यान पदाधिकारी, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड साख्यिकी पदाधिकारी व कृषि समन्वयक को शामिल किया गया है।
जिले में धान, गेहूं व आलू उत्पादन के साथ गो व मछली पालन में बेहतर करने वाले किसानों को सम्मान योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए प्रखंड स्तर पर हर कोटि से एक-एक किसान का चयन होगा। फिर हर कोटि से जिला स्तर पर एक-एक किसान का चयन होगा। जिला स्तर पर चयनित किसान राज्य स्तर पर होनी वाली प्रतियोगिता में शिरकत करेंगे। इसके लिए आनलाइन आवेदन लिया जा रहा है। फिलहाल खरीफ के लिए आवेदन लिया जा रहा है। इसके लिए चयन समिति का भी गठन किया जा चुका है। सभी बीएओ को इसके प्रचार-प्रसार के लिए भी निर्देशित किया गया है। -जितेंद्र कुमार,जिला परियोजना निदेशक आत्मा सह सहायक निदेशक, पौधा संरक्षण।