विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राज्यसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार की पहली यात्रा, मंच पर सम्राट चौधरी को आगे कर दिया सियासी संकेत

By Abhishek PrakashEdited By: Rajat Mourya
Published: Tue, 17 Mar 2026 01:34 PM (IST)

राज्यसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बैजनी में पहली सभा की। उन्होंने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री विजय ...और पढ़ें

HighLights

  1. नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी का हाथ उठाकर एकजुटता दिखाई।

  2. भीड़ ने सम्राट चौधरी को भावी मुख्यमंत्री बताया।

  3. मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों और विपक्ष पर हमला बोला।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। राज्यसभा चुनाव (Rajya Sabha Chunav Bihar) में जीत के बाद समृद्धि यात्रा के तहत यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की पहली सभा बैजानी में थी। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने "हाथ उठाओ" कहते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी को मंच पर आगे बुलाकर उनका हाथ उठाया और एकजुटता का संदेश दिया।

उन्होंने लोगों से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार का साथ देने की अपील की। मंच पर दोनों नेताओं के आगे आने के साथ ही सभा में मौजूद भीड़ से सम्राट चौधरी जिंदाबाद के नारे गूंजने लगे। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार उत्साह दिखाया।

कई लोगों ने उन्हें भविष्य के मुख्यमंत्री के रूप में देखने की बात कही, जबकि विजय चौधरी को भी महत्वपूर्ण भूमिका में आगे बढ़ते देखने की चर्चा रही। इस घटनाक्रम को राजनीतिक दृष्टि से अहम संकेत माना जा रहा है।

WhatsApp Image 2026-03-17 at 1.25.45 PM

खुद हटे तो पत्नी को बैठा दिया, समृद्धि यात्रा में मुख्यमंत्री का विपक्ष पर तीखा वार

समृद्धि यात्रा के क्रम में बैजनी में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पहले सत्ता में रहे, लेकिन कोई ठोस काम नहीं किया। जब खुद हटे तो अपने परिजन को आगे कर दिया।

उन्होंने मंच से लोगों को खड़े होकर बोलने के लिए कहा कि हमने काम किया है, बिहार को आगे बढ़ाया है और आगे भी राज्य को बेहतर बनाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले राज्य में भय और अव्यवस्था का माहौल था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और हर वर्ग के लोगों को सुरक्षा का एहसास हो रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसे बुनियादी क्षेत्रों में तेजी से काम हुआ है। नए चिकित्सा महाविद्यालय खुले, अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ीं और गांव-गांव तक सड़क संपर्क स्थापित किया गया।

बिजली व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब हर गांव तक बिजली पहुंच चुकी है और लोगों को राहत देने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। सौर ऊर्जा को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और आगे भी बड़े स्तर पर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

मंच संचालन में गड़बड़ी, उपमुख्यमंत्री को बताया मुख्यमंत्री

समृद्धि यात्रा के दौरान मंच संचालन में कई तरह की खामियां सामने आईं। एंकर की घोषणाओं में बार-बार भ्रम की स्थिति बनी रही। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम लेते हुए दो बार उन्हें उपमुख्यमंत्री कहा गया, लेकिन तीसरी बार संबोधन के दौरान उन्हें मुख्यमंत्री कह दिया गया।

वहीं, जिला अधिकारी द्वारा स्वागत की घोषणा की गई, लेकिन उससे पहले ही कहलगांव विधायक शुभानंद मुकेश ने स्वागत कर दिया। एक अन्य मौके पर सांसद के स्वागत को लेकर भी गड़बड़ी हुई। इन त्रुटियों से कार्यक्रम के संचालन पर सवाल उठे।

यह भी पढ़ें- राज्यसभा पहुंचने पर Nitish Kumar की सैलरी कितनी होगी? CM से ज्यादा या कम; जानिए पूरा हिसाब

यह भी पढ़ें- हार के बाद नई रणनीति? Tejashwi Yadav का कोलकाता दौरा बढ़ा रहा सियासी हलचल