मेट्रो सिटी की तर्ज पर 300 एकड़ में बसेगी न्यू भागलपुर सिटी
स्मार्ट सिटी की प्रगति की समीक्षा करने नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रकाश शीघ्र भागलपुर आएंगे। स्मार्ट सिटी के कार्यों और वित्तीय मामलों की जांच कराई जा रही है।
भागलपुर [जेएनएन]। नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा ने कहा कि न्यू भागलपुर सिटी बसाने के लिए तीन सौ एकड़ जमीन चाहिए। नया शहर बसने के बाद वर्तमान शहर ओल्ड सिटी हो जाएगा। न्यू सिटी में मेट्रो सिटी की तर्ज पर सभी नागरिक सुविधाएं बहाल की जाएंगी। बजट में इस योजना को शामिल करने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। अगर जमीन मिल गई तो इसे न्यू भागलपुर सिटी कहा जाएगा।
भागलपुर में नगर विकास मंत्री ने कहा कि भागलपुर में अफसरों के बीच तालमेल बिठाकर शहर को स्मार्ट बनाया जाएगा। प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार, निदेशक सह डीएम प्रणव कुमार और नगर आयुक्त श्याम बिहारी मीणा ने भरोसा दिया है कि गतिरोध समाप्त कर अब काम को आगे बढ़ाया जाएगा।
स्मार्ट सिटी की प्रगति की समीक्षा करने नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रकाश शीघ्र भागलपुर आएंगे। स्मार्ट सिटी के कार्यों और वित्तीय मामलों की जांच आयुक्त के निर्देश पर कराई जा रही है। हालांकि मंत्री ने यह माना कि किसी भी शहर के विकास में सबको साथ देना चाहिए। भागलपुर में विवाद कुछ ज्यादा है। स्मार्ट सिटी के कार्य को बढ़ाने फरवरी तक अनुभवी सीईओ बहाल होंगे। मंत्री ने पैन इंडिया को एक माह में क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने का आदेश दिया।
नवगछिया बनेगा नगर परिषद
नवगछिया को शीघ्र नगर परिषद बनाया जाएगा। तीन सौ करोड़ के स्मार्ट रोड का डीपीआर बनाकर मुख्य अभियंता को भेजा गया है। अनुमोदन कर शीघ्र भेजा जाएगा। फरवरी में स्मार्ट सड़क का निविदा प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। आचार संहिता से पहले निविदा हो जाएगी। पैन इंडिया को प्रति माह 15 से बढ़ाकर 25 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने के लिए कहा गया है। मंत्री ने 2020 तक कार्य पूर्ण करने का कहा है।