विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नौतपा का आगाज: भागलपुर में प्रचंड गर्मी के साथ बारिश का भी अनुमान, 25 से 2 जून तक पूरा Weather Update 

Published: Mon, 25 May 2026 06:10 AM (IST)

Bihar Weather Update: आज से नौतपा शुरू हो रहा है, जिसमें भागलपुर समेत पूर्व बिहार में भीषण गर्मी पड़ेगी, लेकिन बीच-बीच में बारिश और बादलों की आवाजाही भी रहेगी।

नौतपा के दौरान मौसम। फोटो एआई जनरेटेड

नौतपा के दौरान मौसम। फोटो एआई जनरेटेड

HighLights

  1. आज से नौतपा शुरू, भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा।

  2. भागलपुर में 27 से 31 मई तक बारिश की संभावना।

  3. नौतपा की गर्मी खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। सोमवार से नौतपा शुरू हो रहा है। जेठ की तपिश अब अपने चरम पर पहुंचने वाली है। सूर्य की सीधी किरणों से दिन में गर्मी बढ़ेगी। हालांकि इस बार नौतपा पूरी तरह शुष्क नहीं रहेगा। बीच-बीच में बादलों की आवाजाही और बारिश से मौसम का मिजाज बदलता रहेगा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, भागलपुर केंद्र के वैज्ञानिक अनुपम नाहर ने बताया कि इस साल नौतपा 25 मई से 2 जून तक प्रभावी रहेगा।

पंचांग के अनुसार, सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश के साथ नौतपा की शुरुआत मानी जाती है। 'नौतपा' यानी नौ दिन की तीव्र गर्मी।

मौसम विभाग के मुताबिक, नौतपा के दौरान भागलपुर समेत पूर्व बिहार में तापमान बढ़ेगा, पर मौसम करवट भी लेगा। 27, 28, 29 और 31 मई के साथ 4 और 5 जून को बारिश की संभावना है। सीमांचल में अपेक्षाकृत अधिक वर्षा के संकेत हैं।

रविवार को उमस हुई महसूस

रविवार को भागलपुर का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह सापेक्ष आर्द्रता 78% थी। दक्षिण-पूर्व से 5 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। बारिश नहीं हुई, लेकिन नमी के कारण उमस बढ़ी रही।

दक्षिण बिहार और आसपास सक्रिय ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम बदल रहा है। यह परिसंचरण समुद्र तल से करीब 1.5 किमी ऊंचाई तक प्रभावी है।

इसके असर से दक्षिण-पश्चिम बिहार से झारखंड, उत्तरी छत्तीसगढ़ और ओडिशा होते हुए आंध्र तक ट्रफ रेखा बनी है। इसी से वातावरण में नमी और अस्थिरता बढ़ रही है।

कहते हैं कृषि विशेषज्ञ

नौतपा की प्रचंड गर्मी खेतों में मौजूद कई हानिकारक कीट, फफूंद और जीवाणुओं को नष्ट करने में सहायक होती है। इससे खरीफ फसलों के लिए अनुकूल परिस्थिति बनती है।

ऐसे समझें नौतपा को

कब आता है? हर साल ज्येष्ठ महीने में जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है, तब से अगले नौ दिन तक नौतपा माना जाता है। ये आमतौर पर 25 मई से 2 जून के बीच पड़ता है।

मान्यता : माना जाता है कि इन नौ दिनों में सूर्य की किरणें धरती पर सीधी पड़ती हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा गर्मी पड़ती है। अगर नौतपा में खूब गर्मी पड़े, लू चले, तो बारिश का मौसम अच्छा रहता है।

वैज्ञानिक कारण : इस समय सूर्य पृथ्वी के सबसे नजदीक होता है। तापमान 45 से 48 सेल्सियस तक चला जाता है। हवा में नमी कम होने से लू चलती है।

सावधानी : नौतपा में धूप से बचें, पानी खूब पिएं, हल्का खाना खाएं, सिर ढककर निकलें।