एटीएम में कार्ड फंसने पर कभी न लें किसी से मदद, नहीं तो वही होगा जो भागलपुर में हुआ; बैंक खाते से 2 लाख गायब
Naugachia Cyber Fraud ATM Card Trap: नवगछिया साइबर थाना पुलिस ने एटीएम में कार्ड फंसाकर लाखों रुपये उड़ाने वाले अंतरजिला ...और पढ़ें

Naugachia Cyber Fraud ATM Card Trap: नवगछिया में एटीएम में कार्ड फंसाकर 1.99 लाख की ठगी करने वाले दो साइबर अपराधी गिरफ्तार; 32 सिम और 11 एटीएम कार्ड जब्त
HighLights
नवगछिया पुलिस ने अंतरजिला साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया।
एटीएम में कार्ड फंसाकर लाखों रुपये उड़ाने वाले दो गिरफ्तार।
40 हजार नकद, 32 सिम, 11 एटीएम कार्ड सहित कई सामान बरामद।
संवाद सहयोगी, नवगछिया (भागलपुर)। Naugachia Cyber Fraud ATM Card Trap: एटीएम मशीन में तकनीकी छेड़छाड़ कर कार्ड फंसाने और फिर मदद का झांसा देकर बैंक खातों से लाखों रुपये उड़ाने वाले अंतरजिला साइबर गिरोह का नवगछिया साइबर थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों के पास से 40 हजार रुपये नकद, 32 सिम कार्ड, 11 एटीएम कार्ड, नौ आधार कार्ड, छह पैन कार्ड, सात पासबुक, छह मोबाइल फोन, दो चेकबुक, एक चार पहिया वाहन (कार) और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
नवगछिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सायम रजा ने प्रेस वार्ता कर बताया कि गोपालपुर थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित कैलाश मंडल सात सितंबर को मकंदपुर चौक स्थित एटीएम से रुपये निकालने गए थे।
इसी दौरान उनका कार्ड मशीन में फंस गया। एटीएम कक्ष की दीवार पर लिखे फर्जी हेल्पलाइन नंबर पर जब उन्होंने संपर्क किया, तो दूसरी तरफ से बात कर रहे शातिर ने खुद को मददगार बताया और बैंक प्रक्रिया का झांसा देकर उन्हें एसबीआई की मुख्य शाखा नवगछिया बुला लिया। इसी बीच अपराधियों ने एटीएम से उनका कार्ड निकाल लिया और उनके खाते से 1.99 लाख रुपये उड़ा दिए।
23 आईएमईआई की जांच और शेखपुरा के बरबीघा में तीन दिन कैंप
अपराधियों ने पहले जीरोमाइल स्थित एक एटीएम से 40 हजार रुपये नकद निकाले और फिर बाकी बचे 1,59,998 रुपये दूसरे बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना कांड संख्या 50/26 दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर डीएसपी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने करीब 23 आईएमईआई नंबर और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का बारीकी से विश्लेषण किया।
नवगछिया के मकंदपुर चौक स्थित एटीएम में कार्ड फंसाने और मदद के बहाने 1.99 लाख रुपये उड़ाने वाले गिरोह का भंडाफोड़
साइबर थाना पुलिस ने नवादा और शेखपुरा निवासी दो शातिर ठगों को किया गिरफ्तार; बरबीघा में तीन दिन कैंप कर दबोचा
40 हजार रुपये नकद, 32 सिम, 11 एटीएम, पहचान पत्र (आधार व पैन), 7 पासबुक, 6 मोबाइल, कार और जेवरात बरामद
फर्जी सिम और बैंक खातों का ओडिशा कनेक्शन आया सामने; एसडीपीओ सायम रजा ने कार्ड फंसने पर सतर्क रहने की दी सलाह
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की लोकेशन शेखपुरा जिले के बरबीघा में ट्रेस हुई। नवगछिया पुलिस की टीम ने बरबीघा के एक होटल में लगातार तीन दिनों तक गोपनीय रूप से कैंप किया और रेकी की। इसके बाद घटना के समय प्रयुक्त कार के सत्यापन के आधार पर सोनू कुमार (निवासी बाजपुर, पकरीबरावां, नवादा) और विपुल कुमार (निवासी मोहब्बतपुर, शेखोपुर सराय, शेखपुरा) को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
ओडिशा से मंगाए जाते थे फर्जी सिम और खाते, अन्य की तलाश
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार साइबर ठगों ने बड़ा खुलासा किया है। गिरोह द्वारा साइबर फ्रॉड के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले फर्जी सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और बैंक खाते ओडिशा से मंगाए जाते थे। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के मुख्य सरगना की पहचान करने में जुटी है, जो फर्जी पहचान पत्रों पर बैंकिंग सामग्री मुहैया कराता था। पुलिस के अनुसार मामले में मोनू कुमार और दिलखुश कुमार सहित अन्य संदिग्धों की संलिप्तता की भी जांच चल रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
"एटीएम मशीन में कार्ड फंस जाने पर किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और न ही वहां लिखे किसी अनधिकृत नंबर पर फोन करें। कार्ड फंसने की स्थिति में जब तक अधिकृत बैंक कर्मचारी मौके पर न पहुंचे, तब तक एटीएम परिसर छोड़कर कतई बाहर न जाएं। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना एटीएम कार्ड, गुप्त पिन या बैंक से जुड़ी जानकारी साझा न करें, अन्यथा साइबर ठगी के शिकार हो सकते हैं।"
