भागलपुर में 20 फीट टूटा जमींदारी बांध! PWD सड़क किनारे फैला पानी, नवगछिया SDM मौके पर पहुंचे; युद्धस्तर पर बचाव कार्य
Navgachia Flood Alert: भागलपुर के रंगरा प्रखंड में कालबालिया नदी से सटे धोबनिया जमींदारी बांध में 20 फीट का कटाव ...और पढ़ें

Navgachia Flood Alert: नवगछिया के रंगरा में धोबनिया जमींदारी बांध 20 फीट टूटा, PWD सड़क किनारे फैला कालबालिया नदी का पानी; मौके पर पहुंचे SDM
HighLights
रंगरा में धोबनिया जमींदारी बांध में 20 फीट का कटाव।
पानी खेतों से पीडब्ल्यूडी सड़क की ओर, बाढ़ का खतरा।
एसडीएम के नेतृत्व में बचाव कार्य, स्थिति नियंत्रण में।
संवाद सहयोगी, नवगछिया (भागलपुर)। Navgachia Flood Alert: जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत रंगरा प्रखंड में नदियों के उफान के बीच तटबंधों की सुरक्षा पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। रंगरा गांव में कालबालिया नदी से सटे धोबनिया जमींदारी बांध पर शुक्रवार की सुबह करीब 4:30 बजे पानी के भारी दबाव के कारण लगभग 20 फीट का बड़ा कटाव हो गया। बांध में दरार पड़ते ही तेज बहाव के साथ पानी खेतों में घुसने लगा और देखते ही देखते पीडब्ल्यूडी की 14 नंबर सड़क के किनारे तेजी से फैलने लगा। इससे आसपास के ग्रामीण इलाकों और मुख्य आवागमन मार्ग पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) के. परीक्षित, भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) शैलेंद्र कुमार सिंह, रंगरा प्रखंड के प्रभारी अंचल अधिकारी आशीष कुमार तथा रंगरा थाने की पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मोर्चा संभाला। प्रशासन की सीधी निगरानी में तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू कराया गया।
सड़क बचाने को डॉवल निर्माण, बांस पाइलिंग से कटाव रोकने की जंग
पानी के अनियंत्रित फैलाव को रिहायशी बस्तियों और पीडब्ल्यूडी की सड़क की ओर बढ़ने से रोकने के लिए सड़क के किनारे युद्धस्तर पर डॉवल निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। बांध को और अधिक क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए तकनीकी टीम द्वारा बांस पाइलिंग और एनसी (नॉन-कंक्रीट) कार्य की मुकम्मल तैयारी की जा रही है।
नवगछिया (भागलपुर) के रंगरा प्रखंड में कालबालिया नदी के भारी दबाव से शुक्रवार तड़के 4:30 बजे धोबनिया जमींदारी बांध 20 फीट टूटा
खेतों से होते हुए पीडब्ल्यूडी 14 नंबर सड़क के किनारे फैलने लगा पानी, आबादी और सड़क को बचाने के लिए शुरू हुआ डॉवल निर्माण
नवगछिया एसडीएम के. परीक्षित, डीसीएलआर शैलेंद्र कुमार सिंह व प्रभारी सीओ आशीष कुमार ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
कटाव थामने के लिए बांस पाइलिंग, प्लास्टिक शीट और बालू भरी बोरियों से सुरक्षात्मक कार्य तेज; स्थिति नियंत्रण में
इसके साथ ही, बांध पर पानी के ओवरटॉपिंग (ऊपर से बहने) के खतरे को थामने के लिए बालू से भरी बोरियां लगाई जा रही हैं। नदी की ओर से पहले मजबूत प्लास्टिक शीट की परत बिछाई जा रही है और उसके ऊपर बालू से भरे बोरे व्यवस्थित किए जा रहे हैं, ताकि नदी की तेज लहरों और पानी के दबाव को काटकर कटाव को वहीं रोका जा सके। मौके पर जल संसाधन विभाग के कनीय अभियंता अविनाश कुमार एवं सहायक अभियंता मुरारी प्रसाद सिंह सहित तकनीकी अमला लगातार कैंप कर रहा है।
-1789100871468.webp)
स्थिति फिलहाल नियंत्रण में, बुढ़िया बांध पर भी पैनी नजर
घटनास्थल पर मौजूद नवगछिया एसडीएम के. परीक्षित ने बताया कि ग्रामीण बस्तियों में बाढ़ का पानी प्रवेश करने से रोकने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता कटाव और ब्रीच को समय रहते पूरी तरह बांधकर आसपास के गांवों व संपर्क मार्गों को सुरक्षित रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्वरित हस्तक्षेप के चलते फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।
इधर, रंगरा चौक क्षेत्र के अन्य तटबंधों पर भी पानी का दबाव बढ़ गया है। धोबनिया बांध (कालबालिया नदी), रंगरा पंचायत तथा बनिया बैसी पंचायत अंतर्गत बुढ़िया बांध (सदोपुर रिंग बांध) के कुछ हिस्सों में भी रिसाव व ब्रीच की सूचना मिली है। संबंधित विभागों की तकनीकी टीमें इन सभी संवेदनशील स्थलों पर पहुंच चुकी हैं और आवश्यक मरम्मत कार्य में जुटी हैं। अनुमंडल प्रशासन ने सभी बांधों और तटबंधों पर 24 घंटे निगरानी के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
