गंगा की लहरों पर डॉल्फिन का दीदार और क्रूज पर शादी-पार्टी; भागलपुर लौट रहा एमवी राजेंद्र प्रसाद; सफर भी Joyful
Bhagalpur Cruise MV Rajendra Prasad: नौ महीने बाद 'एमवी राजेंद्र प्रसाद' क्रूज भागलपुर लौट रहा है, जो 6 सितंबर तक ...और पढ़ें
HighLights
एमवी राजेंद्र प्रसाद क्रूज नौ महीने बाद भागलपुर लौटा।
क्रूज पर सुरक्षा, मनोरंजन और निजी आयोजनों की सुविधाएँ उपलब्ध।
डॉल्फिन दर्शन और हेरिटेज जल पर्यटन की नई योजना।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Cruise MV Rajendra Prasad:उत्तर वाहिनी गंगा की कलकल बहती लहरों पर सवार होकर भागलपुर शहर की ऐतिहासिक छटा और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने वाले पर्यटकों और शहरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है।
करीब नौ महीने के लंबे इंतजार के बाद बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) द्वारा संचालित 'एमवी राजेंद्र प्रसाद' क्रूज एक बार फिर भागलपुर के गंगा तट पर लौटने जा रहा है। कोलकाता के डॉकयार्ड से तकनीकी जांच और नवीनीकरण का कार्य पूरा होने के बाद यह क्रूज भागलपुर के लिए रवाना हो चुका है और 6 सितंबर तक इसके यहां पहुंचने की पूरी उम्मीद है।
भागलपुर पहुंचने के उपरांत जहाज को शहर के ऐतिहासिक खिरनी घाट पर पार्क किया जाएगा। इसके पुनः आगमन से जिले में जल पर्यटन (रिवर क्रूज टूरिज्म) को एक बार फिर नई रफ्तार मिलेगी।
दिसंबर से कोलकाता डॉकयार्ड में तकनीकी मरम्मत के बाद भागलपुर के लिए रवाना हुआ पर्यटन निगम का 'एमवी राजेंद्र प्रसाद' क्रूज
6 सितंबर 2026 तक भागलपुर पहुंचने की संभावना; शहर के खिरनी घाट पर लगाया जाएगा जहाज
सुरक्षा व्यवस्था पहले से चाक-चौबंद; सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, पर्याप्त लाइफ जैकेट और आरामदायक सीटिंग का पुख्ता इंतजाम
गंगा में डॉल्फिन के दीदार के साथ बटेश्वर स्थान, सुल्तानगंज (अजगैवीनाथ धाम) और साहिबगंज तक जलमार्ग से पर्यटन यात्रा की तैयारी
शादी, जन्मदिन और रिंग सेरेमनी जैसे निजी आयोजनों के लिए भी होगी बुकिंग; जहाज पर खान-पान और गेमिंग जोन की सुविधा
क्रूज का संचालन करने वाली एजेंसी इवोल्यूशन टेक प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) प्रणव कुमार सिंह ने बताया कि जहाज के तकनीकी पहलुओं, इंजन और तलहटी (हल्ल) को दुरुस्त कराने के उद्देश्य से पिछले वर्ष दिसंबर माह में इसे कोलकाता डॉकयार्ड भेजा गया था। सभी तकनीकी कार्यों और सुरक्षा ऑडिट के सफल समापन के बाद जहाज को अब वापस लाया जा रहा है। औपचारिक प्रक्रियाओं के पूरा होते ही आम जनता और सैलानियों के लिए क्रूज सेवा विधिवत शुरू कर दी जाएगी।

सुरक्षा के इंतजाम पहले से ज्यादा पुख्ता
प्रबंध निदेशक ने बताया कि इस बार जल परिवहन के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। पूरे क्रूज परिसर को आधुनिक सीसीटीवी कैमरों की चौबीसों घंटे निगरानी के दायरे में रखा गया है। प्रत्येक यात्री के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार लाइफ जैकेट और आपातकालीन बचाव उपकरण उपलब्ध रहेंगे। बैठने की व्यवस्था को और अधिक आरामदायक और भव्य बनाया गया है, जिससे परिवार और बच्चों के साथ आने वाले पर्यटक पूरी तरह तनावमुक्त होकर यात्रा का लुत्फ उठा सकें।
खान-पान, गेमिंग और निजी आयोजनों की सुविधा
एमवी राजेंद्र प्रसाद क्रूज पर गंगा की सैर के साथ-साथ मनोरंजन और आतिथ्य का भी विशेष ख्याल रखा गया है। क्रूज पर लाइव कैफे, लजीज खान-पान और बच्चों व युवाओं के लिए गेमिंग जोन की व्यवस्था होगी। इसके अतिरिक्त, लोग गंगा के बीचों-बीच शादी, सालगिरह, जन्मदिन पार्टी, रिंग सेरेमनी और कॉर्पोरेट आयोजनों के लिए भी क्रूज की निजी बुकिंग कर सकेंगे।
डॉल्फिन के साथ बटेश्वर और साहिबगंज तक का रोमांच
गंगा दर्शन के दौरान भागलपुर के घाटों का विहंगम दृश्य और विक्रमशिला गांगेय डॉल्फिन अभयारण्य में डॉल्फिन की अठखेलियां पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण होंगी। इसके साथ ही, पर्यटन विभाग द्वारा भागलपुर से कहलगांव स्थित ऐतिहासिक बटेश्वर स्थान, सुल्तानगंज के विश्वप्रसिद्ध अजगैवीनाथ धाम और झारखंड के साहिबगंज तक लंबी दूरी की हेरिटेज जल पर्यटन यात्राएं शुरू करने की रूपरेखा तैयार की गई है।
