घर में सो रहे एक वृद्ध की गोली मारकर हत्या, तीन गिरफ्तार Araria News
अररिया में रविवार की देर रात दरवाजे पर सोए एक अधेड़ को गोली मारकर कुछ लोगों ने हत्या कर दी। मामला जमीन विवाद से जुड़ा है।
अररिया, जेएनएन। अररिया में जमीन विवाद में एक 50 वर्षीय अधेड़ की हत्या कर दी गई। इस घटना में अररिया जिले के फलकाहा थाना में सनसनी फैल गई है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार फुलकाहा थाना क्षेत्र के अंचरा पंचायत स्थित वार्ड संख्या पांच में रविवार की देर रात दरवाजे पर सो रहे 50 वर्षीय अधेड़ भोला यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पत्नी मीना देवी के अनुसार पूर्व से चल रहे जमीनी विवाद को लेकर दूसरे पक्ष के स्वर्गीय अशर्फी यादव एवं उसके पुत्र अरुण यादव, सुनील यादव, अनिल यादव, कृष्णनंदन कुमार एवं भतीजा सुशील यादव, सुधीर, सुरेश यादव आदि से अररिया न्यायालय में मामला चल रहा था।
74.5 डिसमिल जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
मृतक के स्वजनों ने बताया कि जमीन विवाद के कारण अक्सर मारपीट होती थी। आरोपित हमेशा घर पर आकर धमकी दिया करते थे। आरोपितों ने कई बार जान मारने की भी धमकी दी थी। मृतक की पत्नी मीना देवी इस मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
जानकारी मिलने पर फुलकाहा थानाध्यक्ष हरेश तिवारी घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया। इस मामले में थानाध्यक्ष ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ कर रही है, इधर हत्या को लेकर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे स्वजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।