मुंगेर विश्वविद्यालय में शुरू होगी फैमली मैनेजमेंट की पढ़ाई
आधुनिकता के दौर में परिवार में तेजी से विखंडन हो रहा है।
मुंगेर (जेएनएन)। आधुनिकता के दौर में परिवार में तेजी से विखंडन हो रहा है। पारिवारिक रिश्ते भी कमजोर हो रहे हैं। ऐसे में अब मुंगेर विश्वविद्यालय में फैमली मैनेजमेंट की पढ़ाई शुरू होगी। विश्वविद्यालय ने इसको लेकर प्रस्ताव तैयार कर राज्यभवन को भेजा। राज्य भवन ने प्रस्ताव पर अपनी सहमति दे दी है। वर्ष 2019 के फरवरी तक मुंगेर विश्वविद्यालय में फैमली मैनेजमेंट की पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी। फैमली मैनेजमेंट की पढ़ाई के दौरान छात्रों को परिवार को सु²ढ़ करने और रिश्तों को मजबूती से निभाने के गुर सिखाए जाएंगे। फैमली मैनेजमेंट को लेकर विश्वविद्यालय द्वारा जो प्रस्ताव तैयार किए गए हैं, उसमें अलग अलग विषयों को शामिल किया गया है। फैमली मैनेजमेंट के पाठ्यक्रम में गृह विज्ञान, मनोविज्ञान, अर्थशास्त्र के साथ ही सोशल मीडिया के बेहतर इस्तेमाल की भी सीख दी जाएगी। वहीं, घर के बच्चों और बुजुर्गों की कैसे देखभाल करें, इसके गुर भी सिखाए जाएंगे। घर का कोई सदस्य बीमार पड़ जाए, तो उसे कैसे चिकित्सक के पास ले जाएं। उनके प्राथमिक उपचार आदि के बारे में जानकारी दी जाएगी। मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रंजीत वर्मा ने कहा कि अभी तक किसी भी विश्वविद्यालय में फैमली मैनेजमेंट की पढ़ाई नहीं होती है। मुंगेर में इसकी पढ़ाई शुरू होने के बाद आदर्श नागरिक तैयार करने में मदद मिलेगी। वहीं, फैमली मैनेजमेंट की पढ़ाई करने वालों के लिए नए अवसर भी पैदा होंगे। कुछ वर्षों के बाद मुंगेर विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए फैमली मैनेजमेंट और कंप्यूटर का कोर्स करना अनिवार्य किया जाएगा।