Munger Durga Visarjan Case : योगदान देने के बाद से ही एक्शन में हैं डीएम-एसपी, प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
Munger Durga Visarjan Case मुंगेर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए बवाल के बाद पुलिस प्रशासन वहां सक्रिय हो गई है। मुंगेर डीएम और एसपी लगातार वहां सक्रिय हैं। मृतक के स्वजनों से उन्होंने भेंट की। लोगों के साथ उन्होंने बैठकें की।
मुंगेर, जेएनएन। जिला में योगदान देने के बाद से ही डीएम रचना पाटिल और एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो पूरी तरह से एक्शन मोड में हैं। गुरुवार की रात में ही डीएम और एसपी गोलीबारी की घटना में मारे गए छात्र अनुराग के परिजन से मिलने उनके घर पहुंच गए। डीएम ने परिजनों से मुलाकात की। वहीं, डीएम ने गोलीबारी में घायल होने के बाद भागलपुर में इलाजरत सुमित और उनके परिजन से भी फोन पर बात की। दोनों अधिकारी ने सुमित के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। साथ ही हरसंभव मदद का भरोसा दिया। सुमित का बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने के लिए डीपीएम की प्रतिनियुक्ति भी भागलपुर मेडिकल कॉलेज में कर दी गई। उन्होंने बताया कि वे अब तेजी से उनके स्वास्थ्य तेजी से सुधार हो रहा है। सदर अस्पताल मुंगेर में अन्य जख्मी व्यक्तियों का इलाज चल रहा है। जिला पदाधिकारी ने सदर अस्पताल पहुंच कर सभी से मुलाकात की। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जख्मी लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि दुकानें अब खुल गई है। जन जीवन सामान्य हो गया है। जिला प्रशासन आमजन से अपील करता है कि किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं दें।
डीएम ने की शहर के विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
संग्रहालय सभागार में डीएम रचना पाटिल और एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने विधि व्यवस्था संधारण को लेकर केंद्रीय प्रतिमा विसर्जन समिति, चैंबर आफ कामर्स के प्रतिनिधियों के साथ ही अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक की। डीएम ने बैठक में मौजूद लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। साथ ही दिपावली एवं छठ पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने पर चर्चा की। डीएम ने कहा कि हम सभी को आपसी भाईचारा और समन्वय के साथ मिल जुल कर काम करना है। किसी भी समिति का कार्यकर्ता समिति का केंद्र ङ्क्षबदू होता है। जिनमें उत्साह के साथ अनुशासन अत्यावश्यक है। समाज में शांति व्यवस्था कायम करने में अनुशासन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। दिपावली एवं छठ पर्व में जिले की परंपरा एवं व्यवस्था की जानकारी प्राप्त करने के बाद डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नियम पूर्वक व्यवस्था कायम की जाएगी। घाटों की साफ-सफाई एवं समिति-सदस्यों को नियमानुकूल परिचय पत्र दिया जाएगा।