MP ने कहा जनसंख्या वृद्धि बड़ी बाधा, जाति-धर्म से उठकर सोचकर इसपर करें नियंत्रण Bhagalpur News
बांका सांसद गिरिधारी यादव ने जनसंख्या वृद्धि पर चिंता उठाते हुए कहा कि इस पर रोक लगाने के लिए हर जाति को आगे आने की जरुरत है। यह धार्मिक विषय नहीं है। सभी इसकी चिंता करें।
भागलपुर [जेएनएन]। जदयू के वरिष्ठ नेता व बांका के सांसद गिरिधारी यादव ने बिहार के विकास में जनसंख्या को एक बड़ी बाधा मानते हुए इसके नियंत्रण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह राज्य ही नहीं, पूरे देश की समस्या है। बिहार पश्चिम बंगाल से भी आगे बढ़ चुका है। जब तक जनसंख्या नियंत्रण को लेकर कड़ी पहल नहीं की जाएगी, हम विकास के मामले में पीछे रहेंगे। हमें इस मसले पर जाति-धर्म से ऊपर उठकर सोचना होगा और कड़े प्रावधान करने होंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में यह भी मायने रखता है कि देश में किस पार्टी की सरकार है। वे जब विधायक थे तो तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और संबंधित मंत्री से कहकर कई काम करा चुके हैं। बांका की रेल परियोजना और अन्य ट्रेन परिचालन को लेकर रेल मंत्री का कई बार ध्यान आकृष्ट किया है, पर हमेशा आश्वासन ही मिला है। हम अनुशंसा कर सकते हैं। विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने के बाद विकास की रफ्तार बढ़ेगी। देश में नरेन्द्र मोदी और राज्य में नीतीश कुमार की सरकार पूरी तन्मयता से विकास कार्य कर रही है। सिंचाई के मुद्दे पर कहा कि बांका के कई डैम में उड़ाही का काम चल रहा है। शिक्षा के मामले में बांका ही नहीं, पूरा राज्य पीछे है। यहां जमीन अधिग्रहण की बड़ी समस्या है। वे सेंट्रल स्कूल के लिए जमीन नहीं दिला सके। सांसद ने दैनिक जागरण को क्षेत्र की बड़ी समस्याओं पर ध्यान आकृष्ट कराने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि इसे दूर करने की दिशा में वे अपनी ओर से प्रभावी कदम जरूर उठाएंगे।
बांका के विकास के लिए हर कदम उठाएंगे
सांसद ने कहा कि बांका की जनता ने उन्हें विश्वास के साथ लोकसभा में भेजा है, इसलिए यहां की बड़ी समस्याओं का हल जरूर निकालेंगे। क्षेत्र की समस्याओं का निराकरण करेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि पांच सालों में बांका की तस्वीर बदल जाएगी।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप