रंगरा प्रखंड प्रमुख का हुआ चुनाव, जानिए... किनके सर बंधा सेहरा Bhagalpur News
कई दिनों से चल रही प्रखंड प्रमुख की राजनीति उस समय थम गई जब रंगरा में प्रखंड प्रमुख का निर्वाचन हो गया। मोती यादव प्रखंड प्रमुख निर्वाचित हुए।
भागलपुर [जेएनएन]। रंगरा प्रखंड के प्रमुख का चुनाव गुरुवार को किया गया। इस दौरान नवगछिया अनुमंडल कार्यालय परिसर में धारा 144 लागू कर दी गई थी। एसडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि अनुमंडल कार्यालय के सभागार में सुबह 11 बजे से चुनाव हुआ। चुनाव को लेकर दंडाधिकारी की तैनाती की गई थी। पंचायत समिति सदस्यों को पहचान पत्र और प्रमाण पत्र देखकर ही अंदर जाने दिया गया। पूरे चुनाव की वीडियोग्राफी की गयी।
यहां बता दें कि गत 25 अक्टूबर को रंगरा प्रखंड प्रमुख शीला देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास हुआ था, जिसके पश्चात जिला निर्वाचन आयोग पटना के निर्देश पर प्रमुख चुनाव की तिथि निर्धारित की गई थी। प्रखंड प्रमुख के चुनाव में मोती यादव निर्विरोध चुने गए। यहां से एक ही उम्मीदवार ने पर्चा भरा। इस कारण उन्हें प्रखंड प्रमुख निर्वाचित कर दिया गया। निर्वाचित होने के बाद उन्हें प्रमाण पत्र दिए गए।
नवगछिया अनुमंडल के रंगरा प्रखंड प्रमुख के चुनाव में मोती यादव निर्विरोध निर्वाचित हुए। निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि चुनाव में पर्यवेक्षक के रूप में उप विकास आयुक्त सुनील कुमार मौजूद थे। प्रमुख पद के लिए केवल एक पंचायत समिति सदस्य संजीव कुमार यादव उर्फ मोती यादव ने नामांकन किया। दूसरा कोई भी उम्मीदवार नहीं होने के कारण मोती यादव को निर्विरोध घोषित किया गया। इसके बाद निर्वाचन का प्रमाण पत्र दिया गया और पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। मोती यादव के समर्थन में पंचायत समिति बेला देवी, सुलेखा, प्रवीण कुमार पंकज, उमेश प्रसाद सिंह, दीवाकर सिंह, चांदनी देवी और राजेंद्र मंडल उपस्थित रहे। निर्वतमान प्रमुख शीला देवी, पंचायत समिति गुडिय़ा देवी और रेखा देवी अनुपस्थित रहीं।