ेआधे दर्जन से ज्यादा दारोगा हो जाएंगे बर्खास्त
जिन पुलिसकर्मियों का नाम इस सूची में है। उनके खिलाफ अलग अलग जिलों में विभागीय कार्रवाई चल रही है।
भागलपुर। बालू के अवैध धंधे और वसूली में संलिप्त पुलिसकर्मियों की बर्खास्तगी तय है। इसमें भागलपुर और बांका के आधा दर्जन से ज्यादा दारोगाओं का नाम शामिल है। जिन पुलिसकर्मियों का नाम इस सूची में है। उनके खिलाफ अलग अलग जिलों में विभागीय कार्रवाई चल रही है। आरोप सत्य पाते ही ऐसे दागी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर दिया जाएगा।
हालांकि विभागीय कार्रवाई पूरी करने में काफी देरी हो रही है। बालू माफिया से साठगाठ और वसूली के आरोप में ऐसे पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। जोनल आइजी ने भी इस मामले में पूर्व में भागलपुर और बांका जिले के एसएसपी-एसपी से ऐसे दागी पुलिसकर्मियों की सूची तलब की थी।
कार्रवाई में हो रही देरी
दोनों जिले के आधा दर्जन थाना क्षेत्रों में अवैध बालू का बड़े पैमाने पर कारोबार होता है। इसमें कजरैली, सन्हौला जगदीशपुर, सजौर, रजौन, अमरपुर थाना शामिल है। इन थानों में पदस्थापित कई थानेदार, दारोगा, जमादार व अन्य पुलिसकर्मियों को बालू चोरी, बालू माफियाओं से साठगांठ, अवैध वसूली में संलिप्त पाए जाने के बाद निलंबित किया गया है। इसमें आधा दर्जन थानेदारों पर गाज गिर चुकी है। जिसमें कई का स्थानांतरण बांका हो गया है।
केस-1
सितंबर 2017 में बालू लदे ट्रैक्टर से पैसे वसूली की वीडियो वायरल होने पर एसएसपी मनोज कुमार कजरैली थाने की पूरी टीम को बदल दिया था। एसएसपी ने गश्ती पदाधिकारी कजरैली थाने के जमादार दिलीप कुमार सिंह, हवलदार देव कुमार सिंह और सिपाही मनीष कुमार को निलंबित किया था। जबकि इंस्पेक्टर थानेदार राजेश कुमार, जमादार दिनेश प्रसाद भगत, भगीरथ दास और दशरथ यादव को लाइन क्लोज कर दिया गया था।
केस-2
अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर को पैसे लेकर छोड़ देने के मामले में डीआईजी ने बाका के बेलहर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजकिशोर सिंह को सस्पेंड कर दिया था। 15 अक्टूबर 2017 को अवैध बालू लादकर ले जाने के आरोप में एक ट्रैक्टर पकड़ा। मगर उन्होंने रुपये लेकर ट्रैक्टर को छोड़ देने का आरोप लगा। उक्त मामले की जांच बाका एसपी चंदन कुमार कुशवाहा ने की। जिसमें आरोप सत्य पाए गए थे।
केस-3
20 जून 2015 को एसएसपी मनोज कुमार ने बालू इलाके के तीन थाना क्षेत्रों में रात में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इसका नेतृत्व वे खुद कर रहे थे। इस दौरान सजौर थाने के जमादार घनश्याम साहू रात्रि गश्ती छोड़ अवैध बालू डंप करते पकड़े गए थे। एसएसपी ने तत्काल जमादार को निलंबित कर दिया था। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी चल रही है।
बालू के खेल में नपे पुलिसवाले
- श्रीकात कुमार : खैरा थानेदार
- रंधीर कुमार : जगदीशपुर थानेदार
- प्रवीण कुमार झा : जगदीशपुर थानेदार
- अमर कुमार : सजौर थानेदार
- शिव कुमार यादव : रजौन थानेदार
- जमादार घनश्याम साहू : जमादार सजौर थाना
- जमादार दिलीप कुमार सिंह : कजरैली थाना
- हवलदार देव कुमार सिंह : कजरैली थाना
- सिपाही मनीष कुमार : कजरैली थाना
इस संबंध में जोनल आइजी सुशील मानसिंह खोपड़े ने बताया कि जोन के जिलों में जिन पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई पूरी नहीं हुई है। उसे जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश संबंधित जिलों को दिया जाएगा। ताकि आरोप सत्य पाए जाने की स्थिति में दोषी पुलिकर्मियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई हो सके।