मिशन 2024 : बिहार CM नीतीश व तेलंगाना CM केसीआर कर रहे मंत्रणा, उपेंद्र कुशवाहा ने कहा- BJP का सुपड़ा हो जाएगा साफ
बिहार के कटिहार में जदयू संसदीय दल के नेता उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि मिशन 2024 के लिए बिहार CM नीतीश व तेलंगाना CM केसीआर लगातार मंत्रणा कर रहे हैं। अब BJP का सुपड़ा साफ हो जाएगा साफ। विपक्षी पार्टियों को एकजुट किया जा रहा है।
संवाद सहयोगी, कटिहार। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने से आमलोगों में उत्साह का माहौल है। लोगों का विश्वास महागठबंधन सरकार के प्रति है। जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने जिला अतिथि गृह में पत्रकार वार्ता के दौरान उक्त बातें कही। कुशवाहा आचार संहिता उल्लंघन के एक मामले में न्यायालय में पेशी को लेकर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर विपक्षी दलों को एकजुट करने का काम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व तेलंगाना के सीएम केसीआर कर रहे हैं। लगातार दोनों में मंत्रणा हो रही है। देश के सभी विपक्षी पार्टियों को एकजुट किया जा रहा है। भाजपा की जनविरोधी नीति के कारण जनता के नाराज हैं। देश की जनता का भाजपा से मोह भंग हो गया है। विपक्षी पार्टियां सरकार में परिवर्तन कराने के लिए लगातार एकजुट हो रही है।
राज्य में भी विपक्षी दलों को एकजुट करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा का सुपड़ा पूरी तरह साफ हो जाएगा। भाजपा समाज को तोडऩे का काम कर रही है। महागठबंधन समाज को जोडऩे का काम कर रहा है। राज्य मंत्रिमंडल में दागी मंत्री होने संबंधी सवाल के जवाब में उनहोंने कहा कि आरोप किसी पर लग सकता है। राज्य सरकार किसी भी दोषी को बचाने का काम नहीं करेगी। महागठबंधन सरकार विधि सम्मत नीति पर चल रही है। इस अवसर पर जदयू के पूर्व अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, उमाकांत आनंद, शिव प्रकाश गरोदिया, डा एसके सुमन, प्रमोद राय,रमेश कुमार मंडल आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
उपेंद्र कुशवाहा से मिलकर जदयू नेताओं ने रखी क्षेत्र की समस्या
संवाद सूत्र, कदवा (कटिहार)। जदयू संसदीय दल के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के आगमन पर कदवा से दर्जनों की संख्या में जदयू नेताओं ने भेंट कर क्षेत्र की समस्या रखी। उनके कटिहार आगमन पर जदयू नेताओं ने सर्किट हाउस में मुलाकात की। वरिष्ठ जदयू नेता अंजार आलम के नेतृत्व में महिला जिलाध्यक्ष आशा सुमन, प्रखंड अध्यक्ष ओमप्रकाश भग्गत, मांगन मंडल सहित कई लोगों ने पुष्प गुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान नेताओं ने कदवा विधानसभा से संबंधित कई समस्याओं की ओर उनका ध्यान आकृष्ट कराया। जिसमें क्षेत्र के लीलजी धार पर पुल निर्माण, नूनगरा कुम्हरी पथ की मरम्मत, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाने वाले पथ की मरम्मत के साथ कई मांगों का उन्हें ज्ञापन दिया। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं को आश्वस्त किया कि वे क्षेत्र की समस्या के निदान हेतु पहल करेंगे।