भागलपुर में बदमाशों ने मांगी 50 हजार की रंगदारी, बम से उड़ाने की दी धमकी
भागलपुर जिले में लगातार रंगदारी मांगने की घटना घटती जा रही है। इसी क्रम में अपराधियों ने जगदीशपुर थाना के एक व्यक्ति से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। अपराधियों ने फोन पर रुपये नहीं देने पर हत्या कर दने की धमकी दी है।
भागलपुर, जेएनएन। बेखौफ बदमाशों ने जगदीशपुर थाना क्षेत्र के आजमपुर कनेरी निवासी अशोक मंडल से 50 हजार की रंगदारी मांगी है। बदमाशों ने अशोक को धमकी दी है कि रंगदारी की रकम नहीं दी तो उसके पूरे परिवार को बम से उड़ा देंगे। बदमाशों की धमकी से भयभीत अशोक ने जगदीशपुर थाने में केस दर्ज कराया है। दर्ज केस में उसने वीरेंद्र मंडल समेत अन्य को नामजद किया है। बावजूद इसके अशोक का पूरा परिवार दहशत में जीने को विवश है। अशोक आर्थिक रूप से कमजोर है। बावजूद इसके बदमाशों ने उनसे रंगदारी की क्यों मांग की है इसको लेकर पुलिस तहकीकात करने में लगी है।
हत्या की भी है आंशका
जगदीशपुर पुलिस को उसने जानकारी दी है कि वीरेंद्र हत्या समेत अन्य कई मामले में पूर्व में जेल जा चुका है। उसे भय है कि वह उसकी भी हत्या ना कर दे। अशोक जल जीवन हरियाली योजना में पानी की टंकी और मशीन की देखरेख करने का काम करता है। पुलिस को उसने जानकारी दी है कि कुछ दिनों से पानी की टंकी से जुड़ी मशीन में खराबी आ गई थी। मशीन को दुरूस्त कराने के लिए उसने मिस्त्री बुला रखा था। उसी समय आरोपित वीरेंद्र समेत अन्य हथियार से लैस होकर पहुंच गए। मिस्त्री को काम करने से मना कर दिया। धमकी दी कि यदि 50 हजार रुपये की रंगदारी नहीं तो यहां मशीन भी नहीं रहेगा। सब कुछ लूट कर लेते चले जाएंगे।
बदमाशों ने दो मिस्त्री को मारपीट कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। अशोक ने पुलिस को बताया कि सभी आरोपित स्थानीय आजमपुर कनेरी गांव के हैं। उनसे इलाके के लोग परेशान हैं। इलाके में जब भी कोई घर बनाता है तो उससे घर निर्माण प्रक्रिया शुरू होने के पहले रंगदारी की रकम मांगते हैं। आरोपित रकम देने के बाद ही घर निर्माण का काम शुरू होने देते हैं। पुलिस केस दर्ज कर आरोपितों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।