हथियार के बल पर दुष्कर्म, गर्भ ठहरने पर खिला दी दवा, मामला हुआ उजागर तो पकड़े गए आरोपी
सहरसा में मानवता शर्मसार करने वाली घटना घटी है। यहां नाबालिग के साथ एक युवक ने पहले दुष्कर्म किया फिर जबरन गर्भपात कराया। आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है।
सहरसा, जेएनएन। बलवाहट ओपी क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। एक निजी क्लीनिक में छात्रा का इलाज चल रहा है। पीडि़ता ने युवक पर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और देह व्यापार का रैकेट चलाने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस को दिए बयान में छात्रा ने कहा है कि साजन कुमार पिछले एक वर्ष से उसे परेशान कर रहा है। एक रात उसके माता-पिता घर में नहीं थे। इसी दौरान युवक घर आ गया और चाकू के बल पर दुष्कर्म किया। इससे उसे गर्भ ठहर गया। इसकी जानकारी मिलने पर साजन ने उसे धोखे से गर्भपात की दवा खिला दी। दवा खाने के बाद उसे उल्टी आने लगी और पेट दर्द भी शुरू हो गया। इसके बाद स्वजन ने उसे इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। यहां स्वजनों को छात्रा के गर्भवती होने की बात पता चली। स्वजनों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बयान लेकर बलवाहाट ओपी को भेज दिया। इसके बाद बलवाहाट ओपी पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। छात्रा ने दिए बयान में कहा है कि उक्त युवक ने दो-तीन अज्ञात लड़कों के साथ मिलकर कई लड़कियों की ऑडियो व वीडियो रिकॉर्ड कर रखी है। इन्हीं के सहारे वह लड़कियों को ब्लैकमेल करता है। छात्रा ने आरोप लगाया है कि युवक देह व्यापार का रैकेट भी चलाता है।
नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। देह व्यापार का रैकेट चलाने के मामले की छानबीन की जा रही है। - राकेश कुमार, एसपी, सहरसा।
पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में
एसपी राकेश कुमार ने बताया कि युवक और उसके साथी मिलकर देह व्यापार का धंधा चलाते हैं। पुलिस मामले मामले में जांच कर रही है। पुलिस उनके अन्य साथियों तक पहुंचाने के लिए छापेमारी कर रही है। पलिस ने बताया कि शीघ्र उसके सभी सदस्य गिरफ्तार होंगे।